उत्तर प्रदेश के बदायूं में सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। बगायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी गाय गंभीर रूप से घायल हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने कार चला रहे सरकारी डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भीड़ ने गाड़ी में तोड़फोड़ भी की और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉक्टर को भीड़ से बचाया। इस मामले में पुलिस ने अब कई धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तारियां शुरू कर दी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ उसावां सीएचसी में काम करते हैं। आरोप है कि वह अपनी कार से जा रहे थे, तभी एक गांव के पास उनकी कार ने सड़क किनारे खड़ी गाय को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई और कार में भी नुकसान हुआ। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
यह भी पढ़ें: अजय राय ही बने रहेंगे UP कांग्रेस के अध्यक्ष? नई टीम के बाद बढ़ी हलचल
नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
गाय की मौत से नाराज ग्रामीणों ने डॉक्टर पर नशे में कार चलाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों और डॉक्टर के बीच बहस हुई। इसके बाद मामला इतना बिगड़ गया कि भीड़ ने डॉक्टर को कार से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान डॉक्टर की कार को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ कार में तोड़फोड़ करते हुए और डॉक्टर की पिटाई करते हुए दिखाई दे रही है।
पुलिस ने बचाया
इस घटना के दौरान डॉक्टर चारों तरफ से घिर चुका था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है, जबकि मृत गाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के समय उन्होंने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं इसकी जांच के लिए पुलिस ने डॉक्टर का मोडिकल करवाया है।
पुलिस ने क्या बताया?
बदायूं पुलिस के थाना अलापुर की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने लिखा, 'आज थाना अलापुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बिचपुरी, म्याऊं-उसावां मार्ग पर स्कॉर्पियो की गाय से टक्कर हो जाने की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना पर थाना अलापुर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल गाय का इलाज करवाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान गाय की मृत्यु हो गई। गाय को सम्मानपूर्वक दफना दिया गया है।' पुलिस ने आरोपी कार ड्राइवर डॉक्टर के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर कहा , 'कार ड्राइवर के शराब के नशे में होने आशंका होने पर थाना पुलिस ने डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें एल्कोहल का होना नहीं पाया गया।'
यह भी पढ़ें: 'विपक्ष तैयार हो, कल 3 बजे हर सवाल का जवाब...', गृहमंत्री अमित शाह का प्रस्ताव
डॉक्टर को पिटने वालों पर केस दर्ज
डॉक्टर के साथ भीड़ ने मारपीट की थी। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर के साथ हाथापाई करने वाले 4 व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ थाना अलापुर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170, 126, 135 में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस ने शांति व्यवस्था बहाल कर ली है।
