देश की राजधानी नई दिल्ली में बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यह घटना कालकाजी मंदिर के पास बने आस्था कुंज पार्क में हुई है। 21 सितंबर की शाम कालकाजी मंदिर में दर्शन के बाद अपने दोस्त के साथ पार्क में बैठी 17 साल की लड़की के साथ तीन लड़कों ने गैंगरेप किया। गैंगरेप करने के बाद पीड़िता के दोस्त को डराने के लिए आरोपियों ने खुद को दिल्ली पुलिस का कर्मचारी बताया था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। 

 

खबर यह आ रही है कि एक आरोपी को मंगलवार की सुबह यानी 22 सितंबर को एक मुठभेड़ में पकड़ लिया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया। इसमें शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। 

 

यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 जिलों के DM बदले, 34 अफसरों का ट्रांसफर

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर आए

पीड़िता साउथ दिल्ली इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है। घटना वाले दिन शाम करीब 7:30 बजे वह अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर से दर्शन करने के बाद आस्था कुंज पार्क में बैठी हुई थी। इसी समय 3 लड़के वहां पहुंच गए और दोनों को रोक लिया। आरोपियों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया। उन्हें कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जिस कारण दोनों डर गए। 

इसके बाद एक आरोपी ने पीड़िता के दोस्त को जबरन पकड़कर एक तरफ रोके रखा। बाकी दो लोगों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी पीड़िता और उसके दोस्त को धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

 

यह भी पढ़ें: शिफ्ट खत्म कर घर लौट रही थीं, इंडिगो क्रू मेंबर की मौत; ड्राइवर ने की लापरवाही

पुलिस की कार्रवाई

घटना के तुरंत बाद करीब 8:45 बजे पुलिस को इसके बारे में सूचना दी गई। कालकाजी थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़िता को सुरक्षित निकाला। इसके बाद महिला का मेडिकल टेस्ट कराया। 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें आस्था कुंज पार्क और इसके पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। इसके अलावा घटना के समय इलाके में एक्टिव मोबाइल नंबरों का डेटा भी जुटाया जा रहा है। कोशिश यही है कि जल्द से जल्द बाकी दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।