दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में एक युवक को महिलाओं के लिए बदमाशों से लड़ना भारी पड़ा है। महरौली में एक जगह 3 महिलाएं खड़ीं थीं। चार लोग बगल में खड़े थे। वे नशे में थे और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। युवक ने इस पर ऐतराज जताया और युवाओं से भिड़ गया। युवक का नाम मुकेश है, वह ट्रांसपोर्ट बिजनेस में हैं। 

मुकेश पर नशे में धुत युवाओं ने हमला कर दिया। यह घटना 3 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे इग्नू रोड पर हुई है। अनुपम अपार्टमेंट के सामने एक चाय की दुकान के बाहर हुए इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं हैं। पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में ट्रॉमा सेंटर रेफर युवक को रेफर किया गया है। 

यह भी पढ़ें: बुलेट सवार ने बस कंडक्टर पर ताना तमंचा, बस्ती में सड़क पर मचा बवाल

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता साकेत इलाके की रहने वाली एक ब्यूटीशियन है, जो अपने दोस्तों के साथ टैक्सी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद चार युवक, जो कथित तौर पर नशे में थे, महिलाओं पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगे। 

जब मुकेश ने उनके व्यवहार पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उसका रास्ता रोका, फिर उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसे बरसाए। हमले के दौरान एक आरोपी ने ईंट से मुकेश के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खून बहने लगा।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई की लिफ्ट में फटा गुब्बारों का गुच्छा, दो झुलसे; घटना का VIDEO वायरल

वीडियो में कैद हुई बर्बरता

 

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक मुकेश पर बेरहमी से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ दिखता है कि आरोपी मुक्कों और लातों से उसे पीट रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे।

 

 

अस्पताल में भर्ती है युवक, हालत गंभीर

पुलिस मुकेश को पहले पं. मदन मोहन मालवीय अस्पताल लेकर गई। हालत गंभीर होने पर उसे बाद में सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। मेडिकल जांच में सिर में कई चोटें, अस्थायी बेहोशी, नाक और मुंह से खून बहना और किसी कुंद वस्तु से लगी चोट के कारण बाईं आंख के आसपास सूजन की पुष्टि हुई है।

 

यह भी पढ़ें: क्या है 'कोरियन लवर' गेम, जिसकी वजह से 9वीं मंजिल से कूद गईं 3 बहनें?

पकड़े गए आरोपी

महिला के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और पीसीआर कॉल के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गईं और समन्वित कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।