पंचकूला सिविल अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ समेत 6 कर्मचारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। आदेश की कॉपी मिलते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विरोध में आज दोपहर नर्सिंग स्टाफ समेत हेल्पर इकट्ठे होकर स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय पहुंचे। यहां डीजी डॉ. मनीश बंसल से मुलाकात कर आदेश वापस लेने को कहा। वहां सुनवाई नहीं हुई तो कर्मचारियों ने हड़ताल करने का निर्णय लिया है।
कर्मचारियों ने डीजी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एकतरफा फैसले का भी आरोप लगाया है। वहीं सीएमओ और पीएमओ और के खिलाफ भी स्टाफ ने विरोध जताया है। साथ ही आरोप लगाया है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर को बचाने के लिए अन्य स्टाफ को लपेटे में ले लिया गया है, जबकि अन्य स्टाफ की कोई गल्ती नहीं है। उन्होंने कहा कि डीजी ने आंखें मूंदकर ये आदेश जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स, सीएम आवास का करेंगी घेराव
क्यों हुआ कर्मचारियों का निलंबन?
एक सीनियर नर्सिंग अधिकारी, 5 नर्सिंग अधिकारी और एक वार्ड सर्वेंट को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए गए हैं। 10 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे पंचकूला सिविल अस्पताल में एक हार्ट पेशेंट की मौत के मामले में लापरवाही के आरोप में ये कार्रवाई हुई है। सस्पेंड हुए कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है। उनकी कोई गलती नहीं है। आरोप है कि डीजी हेल्थ ने सीएमओ और पीएमओ की रिपोर्ट पर ये कार्रवाई की है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल से पहले फोन टैपिंग का आरोप, क्या है विवाद?
डॉक्टर को बचाने का आरोप
सस्पेंड हुए कर्मचारियों ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात डॉ. लीजू और डॉ. ध्रुव ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने बताया कि मनीमाजरा के शास्त्री नगर का करीब 35 साल का आशीष यहां इमरजेंसी में उपचार के लिए पहुंचा तो डॉ. ध्रुव ने उसे न तो प्राथमिक उपचार दिया और न ही उसका कार्ड बनाया गया, जबकि मरीज को पहले नर्सिंग स्टाफ के पास भेजकर उसका कार्ड बनवाना चाहिए था। आरोप है कि डॉ. ध्रुव ने मरीज को सीधे हार्ट सेंटर भेज दिया था। वह मरीज एक बच्चे के साथ था। उस दौरान उसकी अस्पताल में रैंप पर चलते हुए ही मौत हो गई थी। आरोप है कि जब मरीज की डॉक्टर्स के अलावा अन्य स्टाफ से मुलाकात ही नहीं हुई तो अन्य स्टाफ पर कार्रवाई क्यों की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के गांव और शहरों तक फैला डिप्रेशन, फरीदाबाद सबसे आगे
जांच कमेटी संदेह के घेरे में
सस्पेंड हुए स्टाफ ने कहा कि मामले की शिकायत मृतक के परिवार ने विभाग को दी तो जांच कमेटी बिठाई गई, जिसमें डॉक्टर्स तो थे, लेकिन नर्सिंग स्टाफ में से कोई थी नहीं शामिल था। उन्होंने कहा कि जांच नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ है तो नर्सिंग स्टाफ को कमेटी में शामिल क्यों नहीं किया गया। नर्सिंग स्टाफ का पक्ष भी नहीं जाना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब डीजी से मामले में संज्ञान लेते हुए सस्पेंशन आॅर्डर कैंसिल करने को कहा तो डीजी ने ये कहा कि उन्हें सीएमओ, पीएमओ ने जो रिपोर्ट सौंपी है, उसी के आधार पर ये कार्रवाई की गई है। आरोप है कि डीजी ने उन्हें कहा कि वह इस मामले में सीएमओ, पीएमओ से बात करें। आरोप है कि डीजी ने उनकी सुनवाई नहीं की।
यह भी पढ़ें: नर्सिंग ऑफिसर्स की होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल अस्थाई तौर पर स्थगित
अब आंदोलन की चेतावनी
डीजी को मिलने पहुंचे स्टाफ ने बताया कि 18 नवंबर को पंचकूला सिविल अस्पताल में सुबह 9 से 11 बजे तक नर्सिंग स्टाफ व हेल्पिंग स्टाफ हड़ताल करेगा। इमरजेंसी में भी सेवा बंद रखी जाएगी। अगर एक दिन की हड़ताल के बाद भी उनकी मांग नहीं मानी गई तो हड़ताल अनिश्चितकालीन की जाएगी। हड़ताल में रेगुलर, कॉन्ट्रेक्ट और एनएचएम के कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो हड़ताल पूरे हरियाणा में की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी विभाग के पदाधिकारियों की होगी। हड़ताल को लेकर उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, सीएमओ व पीएमओ को अपना ज्ञापन भी भेजा है।
