उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की हत्या कर दी गई है। गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े हुई वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। आईसीआईसीआई बैंक की असिस्टेंट मैनेजर दिव्या मिश्रा को उनके पति मानस वाजपेयी ने बैंक के बाहर बुलाकर गोली मार दी। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बीमार बहन शीबा बाजपेई को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। एक ही घटनाक्रम में 3 मौतों की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस को घर से 1 तमंचा और 2 पिस्टल मिली हैं। मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं। वारदात से पहले आरोपी की ओर से लगाए गए वॉट्सऐप स्टेटस ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था।

 

गुरुवार दोपहर मानस वाजपेयी कार से गोमतीनगर के विवेकखंड स्थित आईसीआईसीआई बैंक पहुंचा। उसने बैंक में कार्यरत अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को फोन करके बाहर बुलाया। दिव्या बैंक की असिस्टेंट मैनेजर थीं। बैंक से बाहर आने के बाद दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसी दौरान मानस ने पत्नी पर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दिव्या को गंभीर हालत में पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा मानस

बैंक के बाहर वारदात को अंजाम देने के बाद मानस हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान पहुंचा। यहां उसकी बहन शीबा बाजपेई भी रहती थीं। बताया गया कि शीबा बीमार थीं। पुलिस के मुताबिक मानस ने घर के अंदर बहन को भी गोली मार दी।इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी। एक ही घटनाक्रम में पत्नी, बहन और आरोपी की मौत की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

यह भी पढ़ें: 'पहले 10 हजार दो, फिर देंगे नल कनेक्शन,' JE और SSO गिरफ्तार को ACB ने पकड़ा

आत्महत्या से पहले वॉट्सऐप पर लगाया स्टेटस

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले मानस ने वॉट्सऐप पर एक स्टेटस लगाया था। इसमें उसने लिखा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी क्योंकि उसे धोखा मिला था। इसके बाद उसने अपनी बहन और खुद को भी मारने की बात कही।वॉट्सऐप स्टेटस में मानस ने अपनी बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था और दावा किया था कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी है। पुलिस अब इस स्टेटस की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

एक साल पहले तलाक की अर्जी दायर की थी

पुलिस के मुताबिक दिव्या और मानस के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले पति मानस से तलाक लेने के लिए अदालत में अर्जी दायर की थी। इसी वैवाहिक विवाद को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। जानकारी के मुताबिक मानस के माता-पिता नहीं हैं। वह पहले एसबीआई में काम कर चुका था। वर्तमान में वह हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था। उसकी बहन शीबा भी उसके साथ रहती थीं।

दुकान मालिक ने बताया- पसीने से भीगा था मानस

मानस के घर के पास फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले लवकुश ने बताया कि करीब साढ़े 12 बजे मानस अचानक वहां आया था। वह काफी पसीने से भीगा हुआ था। घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।कुछ देर बाद अंदर से आवाज सुनाई दी। इसके बाद जानकारी हुई कि मानस ने अपनी बहन को गोली मार दी है। कुछ ही देर में यह भी सामने आया कि उसने खुद को भी गोली मार ली। दुकान मालिक ने बताया कि उसे घटना की इससे ज्यादा जानकारी नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: स्कैन नहीं हो पा रहे फिंगरप्रिंट, 1 लाख से ज्यादा बुजुर्ग पेंशन के लिए परेशान

घर से तमंचा और दो पिस्टल बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को मानस के घर से एक तमंचा और दो पिस्टल बरामद हुई हैं। इसके अलावा घर में मिले मोबाइल फोन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। हथियारों और मोबाइल फोन की जांच के जरिए पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध शाखा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बैंक के बाहर और मानस के घर से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

 

घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस अब बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन, वॉट्सऐप स्टेटस, हथियारों और दोनों के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के बाद ही हत्या और आत्महत्या की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

लखनऊ की आईजी अपर्णा कुमार ने बताया कि मानस वाजपेयी ने गोमतीनगर में आईसीआईसीआई बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद वह अपनी बहन के पास पहुंचा और उसे भी गोली मार दी। बाद में मानस ने खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही है।