महाराष्ट्र के मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट होटल के रेस्टोरेंट में डिनर करने पहुंचे मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट और फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ की टेबल पर कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम वह होटल के रोमानो रेस्टोरेंट में कुछ विदेशी मेहमानों के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर टेबल पर घूम रहे एक छोटे कॉकरोच पर पड़ी। डॉ. सेठ ने रविवार को सोशल मीडिया पर घटना का जिक्र करते हुए होटल की साफ-सफाई पर सवाल उठाए। इस पोस्ट में उन्होंने महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी कमिश्नर तुकाराम मुंडे को भी टैग किया।
डॉ. सेठ ने कॉकरोच को मजाकिया अंदाज में रोमानो नाम दिया। उन्होंने लिखा कि यह बिना बुलाए उनके डिनर में शामिल हो गया और शायद पास्ता के बजाय पिज्जा खाना चाहता था। उन्होंने बताया कि कॉकरोच को हटाने की कोशिश की गई लेकिन वह नहीं गया। आखिरकार इस घटना की वजह से उनकी भूख चली गई और उन्होंने खाना पूरा किए बिना रेस्टोरेंट छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: राजस्थान मेयर चुनावों BJP का डंका, 4 पर जमाया कब्जा; कांग्रेस एक पर सिमटी
डॉ. सेठ ने क्या कहा?
डॉ. अशोक सेठ ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'देखिए, डिनर के लिए अचानक कौन आ गया। शनिवार रात मुंबई के JW Marriott, सहार स्थित रोमनो रेस्टोरेंट में हमारी टेबल पर एक छोटा सा कॉकरोच आ गया और हमारे साथ डिनर शेयर करना चाहता था। हमने उसे वहां से जाने के लिए काफी समझाया लेकिन रॉची जाने को तैयार नहीं था। शायद उसे पास्ता नहीं, पिज्जा चाहिए था। उसने हमारा खाना खाने का मन ही खराब कर दिया। आखिरकार हम वहां से चले गए। खैर, अच्छी बात है कि हम श्री मुंडे के इलाके में हैं और उम्मीद है कि वह इस मामले को भी देखेंगे।'
यह भी पढ़ें: जमुई में छात्रा से बदसलूकी, 3 गिरफ्तार, 7 संदिग्धों की तलाश, विपक्ष ने उठाए सवाल
महंगे होटलों में हाइजीन पर चर्चा
डॉ. सेठ की पोस्ट के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पांच सितारा होटलों में ग्राहकों से ऊंची कीमत वसूले जाने के कारण वहां साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों को लेकर अपेक्षाएं भी अधिक रहती हैं। इस घटना ने होटल और रेस्टोरेंट में हाइजीन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, फिलहाल यह एक ग्राहक द्वारा साझा की गई घटना है और होटल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है।
