उत्तर प्रदेश पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद रिश्वतखोरी के मामले सामने आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। राजस्थान के सीकर में अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक और तीन सिपाहियों को राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी साइबर थाने में दर्ज मुकदमे से एक व्यक्ति का नाम हटाने और मामले को खत्म कराने के एवज में रिश्वत मांग रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की और एसीबी की सरकारी गाड़ी को टक्कर भी मार दी लेकिन टीम ने चारों को पकड़ लिया।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके भाई के खिलाफ अयोध्या साइबर क्राइम थाने में वर्ष 2024 से मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि मुकदमे से नाम हटाने और केस को खत्म कराने के लिए पुलिसकर्मी उससे रुपये मांग रहे थे। 17 अगस्त को एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। इसमें सिपाही गौरव द्वारा चार लाख रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में बातचीत हुई और रकम घटाकर 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
यह भी पढ़ें: 3 हजार करोड़ खर्च, फिर भी मैली है गोमती नदी, आखिर कब रुकेगा नालों का गंदा पानी?
रुपये लेते ही ACB ने घेरा
जयपुर एसीबी के उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में सीकर एसीबी की टीम ने कार्रवाई की। सीकर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार और निरीक्षक सुभाष मील के नेतृत्व में टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई की।परिवादी जब 2.80 लाख रुपये लेकर आरोपियों के पास पहुंचा तो सिपाही सोहनलाल ने रकम अपने हाथ में ले ली। रकम का लेनदेन होते ही आसपास मौजूद एसीबी टीम ने आरोपियों को घेर लिया।
एसीबी की घेराबंदी होते ही आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया। उन्होंने अपनी गाड़ी से एसीबी की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी और वहां से निकलने की कोशिश की। हालांकि, एसीबी टीम पहले से सतर्क थी। पीछा करके चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया।गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत की मांग में किसकी क्या भूमिका थी और क्या इस मामले में अन्य पुलिसकर्मी या कोई और व्यक्ति भी शामिल था। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव; FIR दर्ज
एक दरोगा और तीन सिपाही गिरफ्तार
एसीबी ने जिन चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, सिपाही गौरव चारग, सिपाही सोहनलाल और सिपाही पवन त्रिपाठी शामिल हैं। चारों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
