तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को कई बड़े एलान किए हैं। विजय ने 3 गैस सिलिंडर मुफ्त देने और महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा को डीलक्स बसों में भी शुरू करने का एलान किया है। यह योजना 2 अक्तूबर से शुरू की जाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को बंद करने का एलान किया है। उनका कहना है कि अब एयरपोर्ट के लिए किसी ऐसी जगह का चयन किया जाएगा जिसका स्थानीय लोग विरोध न करें। विजय ने 14 जनवरी से अन्नपूर्णई सुपर सिक्स स्कीम शुरू करने का एलान किया है जिसके तहत 1.3 करोड़ परिवारों को लाभ दिया जाएगा।
परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट बंद करने के बारे में मुख्य विपक्षी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने सवाल उठाए हैं। DMK का कहना है कि राजनीतिक कारणों से ऐसा नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि इससे राज्य को आर्थिक नुकसान होगा। विजय के एलान के बाद DMK नेता कनिमोड़ी NVN सोमू ने कहा है कि मैनिफेस्टो में तो 6 गैस सिलिंडर की बात हुई थी और अब धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट रद्द करने के फैसले पर सरकार को फिर से विचार करना चाहिए।
क्या है अन्नपूर्णई सुपर सिक्स स्कीम?
इस योजना को पोंगल के मौके पर यानी अगले साल 14 जनवरी से शुरू किया जाएगा। इस योजना के तहत फ्री गैस सिलिंडर देने के लिए तमिलनाडु सरकार गैस सिलिंडर के पैसे लोगों के खाते में सीधे भेजेगी। मुख्यमंत्री विजय का कहना है कि इस योजना के तहत 1.3 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा और राज्य सरकार ने के लिए इस पर हर साल 4 हजार रुपये खर्च करने की बात कही है। विजय ने यह भी बताया है कि इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम है। इसके अलावा, छोटे और मझले किसान परिवारों, दिव्यांग व्यक्तियों वाले परिवारों और अन्य कमजोर वर्गों को दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु अस्पताल में बजे गाने, खूब पार्टी हुई, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
मुख्यमंत्री विजय ने वेट्री पायनम योजना का एलान किया है। इस योजना के तहत महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस योजना के तहत महिलाएं महानगरों और शहरों में चलने वाली एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स बसों में फ्री में यात्रा कर सकेंगी। एक शहर से दूसरे शहर में जाने के लिए महिलाएं साधारण किराए वाली बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यह योजना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती यानी 2 अक्तूबर से शुरू की जाएगी। सीएम विजय ने कहा है कि इस योजना के लिए ट्रिप की संख्या की कोई सीमा नहीं है। इस योजना का लाभ ट्रांसजेंडर्स को भी मिलेगा।
भड़क गए DMK नेता
परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट रद्द करने पर DMK नेता और पूर्व मंत्री तेन्नारासू ने कहा है, 'एयरपोर्ट बहुत जरूरी है और तमिलनाडु के आर्थिक विकास के लिए अहम है। चेन्नई एयरपोर्ट शानदार है। पहले वह तीसरे नंबर पर था लेकिन अब पांचवें पर पहुंच गया है। परंदूर के लिए जियोग्राफिकल और टेक्निकल जांच करवाकर ही केंद्र सरकार की मंजूरी ली गई थी। लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है और जमीन का इस्तेमाल उसी काम के लिए होना चाहिए जिसके लिए वह ली गई है। ऐसे में परंदूर में एयरपोर्ट बनाना ही सबसे बेहतर होगा। राजनीतिक कारणों से परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को बंद करना आर्थिक नुकसान पहुंचाएगा और कई इंडस्ट्री आंध्र प्रदेश चले जाएंगे।'
यह भी पढ़ें: 'जज को धमका क्यों...?', दुर्गा शक्ति नागपाल से हाई कोर्ट नाराज क्यों है?
क्यों रद्द किया परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट?
चेन्नई शहर के बाहर प्रस्तावित इस एयरपोर्ट के खिलाफ कुछ किसान विरोध कर रहे हैं। विजय पिछले साल परंदूर गए थे और एकानापुरम और उसके अगल-बगल के गांववालों की मांग का समर्थन किया था। अब उन्होंने इसी वादे को निभाते हुए प्रोजेक्ट रद्द करने का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि इस एयरपोर्ट के लिए अलग जगह का चयन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: अमरावती के सरकारी अस्पताल में आग, NICU में 3 बच्चों की मौत
बता दें कि इस एयरपोर्ट को 5746 एकड़ जमीन पर बनाया जाना था और 2500 एकड़ जमीन किसानों से ली जानी थी। डीएमके सरकार के दौरान लगभग 1700 एकड़ जमीन का अधिग्रहण भी हो चुका था और कई गावों के लोग 1000 से ज्यादा दिनों से इसका विरोध कर रहे थे।
