हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले को 35 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में शिक्षा, सिंचाई और दूसरी सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ नए कामों की शुरुआत भी की।
प्रदेश सरकार ने हाल ही में परिवहन निगम के बेड़े में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की हैं। मुख्यमंत्री ने कृषि उप-निदेशक कार्यालय परिसर में 8.64 करोड़ रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक एसआरटी लैब, हमीरपुर डिग्री कॉलेज में 1.50 करोड़ रुपये की सीबीटी लैब और डिग्री कॉलेज में 70 टैबलेट वाली लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने डिग्री कॉलेज में 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छात्राओं के आवास की शुरुआत की और जिला पुस्तकालय में किताबी कॉर्नर का उद्घाटन भी किया।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के छात्रों को मिलेगी फ्री कोचिंग, घर बैठे होगी परीक्षा की तैयारी
किसानों के लिए कई सिंचाई योजनाओं की शुरुआत
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-2 के तहत 3.05 करोड़ रुपये की लागत से बनी विभिन्न उठाऊ सिंचाई योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें नादौन क्षेत्र की 57 लाख रुपये की लागत से बनी उठाऊ सिंचाई योजना बसोल, 39 लाख रुपये की योजना जसोह, 47 लाख रुपये की योजना खटरोड, सुजानपुर क्षेत्र की 43 लाख रुपये की योजना घराट और हमीरपुर क्षेत्र की 46 लाख रुपये की योजना डखोल शामिल हैं। इसके अलावा बड़सर क्षेत्र की उठाऊ सिंचाई योजना थौन भी इसमें शामिल है। इन योजनाओं से करीब 320 किसान परिवारों को फायदा मिलेगा।
यह भी पढ़ें: बाढ़ पीड़ितों ने जदयू विधायक कोमल सिंह की गाड़ी को घेरा, जमकर हुआ हंगामा
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से 5 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में बने हॉस्टल का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर कृषि मंत्री चन्द्र कुमार, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष, राज्य परिवहन निगम अजय वर्मा, अध्यक्ष, हि.प्र. भवन एवं अन्य सर्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड नरदेव कंवर, हि.प्र. ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, चेयरमैन कांगड़ा कॉपरेटिव प्राइमरी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक राम चन्द्र पठानिया, चेयरमैन हिमाचल प्रदेश मार्किंटिग बोर्ड कुलदीप पठानिया, नशा निवारण बोर्ड के समन्वयक नरेश कुमार, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, चेयरमैन, हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम कर्नल मनीष कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती, कांग्रेस नेता पुष्पेन्द्र वर्मा और सुभाष ढटवालिया, मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
