हिमाचल प्रदेश घूमने या ठहरने की योजना बना रहे लोगों के लिए काम की खबर है। अब सरकारी गेस्ट हाउस में कमरा लेने के लिए किसी सिफारिश या दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। हिमाचल सरकार ने नई दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला के चुनिंदा सरकारी गेस्ट हाउसों के 24 कमरे आम लोगों के लिए ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। अब लोग घर बैठे इन कमरों की बुकिंग कर सकेंगे।

 

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा चार सरकारी आवासों में उपलब्ध होगी। इनमें हिमाचल भवन, नई दिल्ली में 7 कमरे, हिमाचल सदन, नई दिल्ली में 4 कमरे, हिमाचल भवन, चंडीगढ़ में 3 कमरे और विली पार्क सर्किट हाउस, शिमला में 10 कमरे आम लोगों के लिए रखे गए हैं। इन चारों जगहों पर कुल 24 कमरे ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे। इन कमरों का किराया 3,000 रुपये प्रति कमरा प्रतिदिन रहेगा और इसमें सभी कर शामिल होंगे।

 

यह भी पढ़ें: कमाई से 1.71 करोड़ ज्यादा संपत्ति, बिहार के BDO के 5 ठिकानों पर EOU की रेड

‘हिम अतिथि’ से होगी बुकिंग

कमरा बुक करने के लिए लोगों को ‘हिम अतिथि’ ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा। आगमन की तारीख से अधिकतम तीन दिन पहले बुकिंग की जा सकेगी। बुकिंग तभी पक्की मानी जाएगी जब 3,000 रुपए का शुल्क पहले जमा कर दिया जाएगा। भुगतान के लिए लोगों को कई विकल्प मिलेंगे। इनमें नेट बैंकिंग, यूपीआई, क्यूआर कोड, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड शामिल हैं। इससे लोगों को बुकिंग के लिए सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होगी।

 

बुकिंग रद्द करने के लिए भी सरकार ने नियम तय किए हैं। अगर चेक-इन के समय से कम से कम 24 घंटे पहले बुकिंग रद्द की जाती है तो 10 प्रतिशत राशि काटकर बाकी रकम वापस कर दी जाएगी। वहीं अगर सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुकिंग रद्द की जाती है तो जमा की गई पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, 10 एयरपोर्ट पर काम तेज

 

इन 24 कमरों के अलावा चारों सरकारी गेस्ट हाउसों के बाकी कमरों के किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन कमरों का किराया पहले की तरह 1,200 रुपए प्रति कमरा प्रतिदिन रहेगा। इसमें सभी कर शामिल होंगे। सरकार की इस व्यवस्था से आम लोग दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला में सरकारी आवासों में ऑनलाइन कमरा बुक कर सकेंगे। खासकर पर्यटन सीजन में यह सुविधा उन लोगों के लिए काम आ सकती है, जो निजी होटलों के बजाय तय किराये में ठहरने का विकल्प चाहते हैं।