उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज में दिव्यांग दंपति की निर्मम हत्या और महिला के शव के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरसहायगंज के कसारा जंगल में पुलिस की घेराबंदी होते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था, लेकिन दंपति के जागने पर उसने दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद महिला के पर्स से नकदी और कार्ड निकालने के साथ उसके शव के साथ भी दरिंदगी की। करीब 10 दिन तक पुलिस को उलझाए रखने वाले इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला कन्नौज के गुरसहायगंज स्थित पुरानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का है। यहां 5 नवंबर की सुबह दिव्यांग व्यक्ति और उसकी पत्नी के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां रिपोर्ट में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि घर के दरवाजे अंदर से बंद थे। ऐसे में हत्यारा घर के भीतर कैसे पहुंचा और वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर कैसे निकला, यह सवाल जांच को उलझा रहा था।
जाग गए पति-पत्नी तो दोनों को मार डाला
पुलिस की जांच में सामने आया कि तालग्राम थाना क्षेत्र के भोजपुरा गांव का रहने वाला योगेश राजपूत उर्फ पंगा चोरी के इरादे से घर में दाखिल हुआ था। उसने छप्पर के रास्ते घर में प्रवेश किया था। इसी दौरान घर में सो रहे पति-पत्नी की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी को देख लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पहले पति पर डंडे से हमला किया। इसके बाद पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने महिला के पर्स से नकदी और कुछ कार्ड भी निकाल लिए।
यह भी पढ़ें: बेटी पर न पड़े तेरहवीं का बोझ, 80 साल के पिता ने जीते-जी किया मृत्यु भोज
हत्या के बाद महिला के शव के साथ की दरिंदगी
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने महिला के शव के साथ शारीरिक संबंध बनाए। वारदात को अंजाम देने और चोरी करने के बाद वह घर में मौजूद बेटी को पटककर छप्पर के रास्ते फरार हो गया। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के निर्देश पर एसपी ने एसओजी और सर्विलांस समेत पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस ने अलग-अलग सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी।
कसारा के जंगल में घेराबंदी, आरोपी ने चलाई गोली
करीब 10 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली। कन्नौज एसओजी को सूचना मिली कि योगेश गुरसहायगंज के कसारा जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पांचों पुलिस टीमों ने जंगल में पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की टीम को सामने देखकर आरोपी ने बचने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: बलिया में रफ्तार का कहर, पेड़ से टकराई कार, 4 दोस्तों की मौत
एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान योगेश राजपूत उर्फ पंगा के रूप में हुई है। वह चोरी के इरादे से छप्पर के रास्ते घर में घुसा था। पति-पत्नी के जाग जाने पर उसने दोनों की हत्या कर दी थी। इसके बाद नकदी और कार्ड चोरी किए तथा महिला के शव के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पांच टीमों की लगातार जांच और करीब 10 दिन की तलाश के बाद हुए इस खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। चोरी के इरादे से घर में दाखिल हुए आरोपी ने जिस बेरहमी से दो लोगों की जान ली, उसने इस वारदात को कन्नौज के सनसनीखेज हत्याकांडों में शामिल कर दिया है।
