हरियाणा के करनाल निवासी 56 वर्षिय CRPF सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। दिल्ली के डिप्टी CM प्रवेश शर्मा के आवास पर तैनात थे। शुक्रवार 7 अगस्त को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संयोग से जिस दिन उन्होंने अंतम सांस ली उसी दिन उनका जन्मदिन भी था।

 

कृष्ण कुमार CRPF की 27वीं बटालियन में तैनात थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका बेटा कनाडा में रहता है। पिता की मौत की खबर मिलते ही वह भारत पहुंचा। रविवार को CRPF जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर करनाल के जुंडला गांव पहुंचे। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

 

यह भी पढ़ें: हाईवे पर ट्रॉली ने वैन को रौंदा, महाकाल दर्शन से घर लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत

परिवार के सदस्य सुभाष के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कृष्ण कुमार ड्यूटी पर थे। इसी दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर गिर गया और तबीयत खराब हो गई। मौके पर मौजूद CRPF कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन रात में उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ समय बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार को रात करीब 1:30 बजे उनके निधन की जानकारी मिली। परिजन के लिए यह खबर बेहद सदमे वाली थी, क्योंकि उसी दिन उनका जन्मदिन था। परिवार को उम्मीद थी कि वह जन्मदिन पर घर लौटेंगे लेकिन रात को उनके निधन की खबर आ गई।

NSG और RAF में भी किया काम

कृष्ण कुमार का करियर देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहा। परिवार के अनुसार, CRPF के अलावा उन्होंने करीब छह साल राष्ट्रीय सुरक्षा गर्ड (NSG) और दो साल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में भी सेवा दी थी। उनके परिवार में भी देशसेवा की परंपरा रही है। कृष्णा कुमार सात भाइयों में बीच के थे। उनके बड़े भाई वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनके चाचा भी सेना में सेवा दे चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल CM ने कई जिलों को दी बड़ी सौगात, बदलेगी इन अस्पतालों की सूरत

 

परिवार के लोग बढ़ती उम्र को देखते हुए कृष्ण कुमार को रिटायरमेंट लेने और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह देते थे। हालांकि, वह नौकरी छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। परिजन के मुताबिक, कृष्ण कुमार का कहना था कि वह आखिरी समय तक देश की सेवा करना चाहते हैं।