केरल के कोट्टायम जिले में एक चौंकाने वाला मर्डर केस सामने आया है, जहां एक 13 साल की लड़की ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर अपने नाना की कथित तौर पर हत्या करवा दी। लड़की ने यह हत्या आईफोन और मोटरसाइकिल खरीदने के लिए नाना के रुपये हड़पने के इरादे से करवाई। नाना की हत्या के बाद आरोपियों ने घर से लगभग 36 ग्राम सोना चुरा लिया। पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद इस केस का फैसला जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड करेगा।
इस मामले को लेकर पुलिस ने 740 पन्नों की चार्जशीट बनाई। चार्जशीट के मुताबिक, इस मामले के चारों आरोपी नाबालिग हैं, जिनमें दो 17 साल के हैं, जबकि 2 आरोपियों की उम्र 16 साल है और लड़की की उम्र 13 साल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 15 अगस्त को अपने नाना की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने 17 अगस्त को आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में थाने के अंदर वकीलों का अनोखा धरना, रात में DJ लगाकर करते हैं डांस
कैसे करवाई नाना की हत्या?
15 अगस्त को घर के बाथरूम की खिड़की के जरिए 3 लड़के घर में आए। वे बुजुर्ग नाना के कमरे में घुस गए। आरोप के अनुसार, लड़कों ने नाना के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उनके चेहरे को चादर से ढक दिया, जिसके बाद बुजुर्ग बेहोश हो गए। तब लड़कों ने नाना के सिर और गर्दन पर वार किया। इससे बुजुर्ग की मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी घर से करीब 36 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। इसके बाद चारों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे से बात करते थे। पुलिस के मुताबिक, लड़की के दोस्तों ने व्हाट्सऐप कॉल करके पहले पूरी घटना की जानकारी दी थी।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखे फोड़ रहा था पहलवान, आरोपियों ने सीने में मारी गोली और ले ली जान
पुलिस की जांच-पड़ताल
पुलिस टीम ने आरोपियों की चैट जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड को सौंप दी। इसके अलावा पुलिस ने बताया कि आरोपियों के फोन में 6 सिम कार्ड मिले, जिनमें से एक सिम कार्ड का इस्तेमाल हत्या वाले दिन किया गया था। इस मामले को लेकर पुलिस ने 87 गवाहों और 6 सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पीड़ित परिवार की मांग है कि इस मामले के 3 लड़कों के खिलाफ बालिग के तौर पर मुकदमा चलना चाहिए।
