केरल के कन्नूर जिले में महिला फातिमथा रिसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। जांच के दौरान आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने पति आसिफ के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी देश छोड़कर दुबई फरार हो चुका है।

 

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में इस मामले को अप्राकृतिक मौत के रूप में दर्ज किया गया था। लेकिन जांच में मिले साक्ष्यों, सुसाइड नोट और मृतका द्वारा अपने दोस्तों को भेजे गए संदेशों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं जोड़ी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि शादी के बाद फातिमथा रिसा को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।

 

यह भी पढ़ें: इलाज के नाम पर 10 दिन पेड़ से बांधकर रखा, झाड़फूंक करते-करते हो गई मौत

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है फातिमथा रिसा 20 साल की है वह दुबई में रहने वाले एक भारतीय प्रवासी की पत्नी है। हालांकि, आसिफ 27 साल का है जो दुबई के एक टाइपिंग सेंटर में काम करता है। कथित तौर पर पिछले हफ्ते अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद वह तुरंत दुबई लौट आया था। फातिमथा रिसा के परिवार वालों ने बताया कि फातिमाथ रिसा ने 28 जुलाई की रात को केरल के कन्नूर जिले में पोइथुमकडावु स्थित अपने पारिवारिक घर में फांसी लगाकर मृत पाई गई थी। फातिमथा रिसा की मौत के बाद दक्षिण भारतीय राज्य केरल में पुलिस उसके पति आसिफ की तलाश कर रही है। पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया है क्योंकि यह साबित हो गया है कि उसके अंतिम संस्कार के तुरंत बाद वह दुबई के लिए रवाना हो गया था।

आसिफ के खिलाफ किया मामला दर्ज

रिसा के परिवार ने आसिफ के खिलाफ शिकायत र्दज करवाई है। कन्नूर पुलिस ने रिसा के परिवार की शिकायत के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। परिवार का आरोप है कि रिसा को उसके पति द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का शिकार बनाया गया था। जिसके बारे में उन्हें रिसा की मृत्यु के बाद मिले उसके सुसाइड नोट और दोस्तों को भेजे गए संदेशों के बाद ही पता चला। आसिफ के खिलाफ धारा 85 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। रिसा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर भी आरोप लगाया है कि उन्होंने उसे अपनी पीड़ा और आत्महत्या के पिछले प्रयास को छिपाने के लिए मजबूर किया।

 

यह भी पढ़ें: बहन संग इंस्टा पर तस्वीर देखकर भड़का युवक, शेयर करने वाले को मार डाला

रिसा के चाचा ने क्या बताया?

रिसा के चाचा ने बताया कि उसने चार पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा था जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसका पति लगातार उसे परेशान करता था। साथ ही बताया जा रहा है कि जनवरी में इन दोनों ने शादी की थी और रिसा अप्रैल में अपने पति से मिलने दुबई गई थी। हालांकि, मिलने जाने के बाद यह स्थिति और भी बिगड़ गई थी। आसिफ रिसा को उसके घर वालों के खिलाफ भी धमकियां देता था लेकिन रिसा इन सब बातों के बारे में किसी को नहीं बताती थी वह सब कुछ अकेले सहती रही क्योंकि उसे अपने पिता के स्वास्थ्य की चिंता थी। 

 

रिसा की चाची ने बताया कि उसने हमें कभी किसी समस्या के बारे में नहीं बताया। वह हमसे सब कुछ छिपा रही थी। हमें सब कुछ तभी पता चला जब वह हमें छोड़कर चली गई। अब रिसा के माता-पिता अपनी इकलौती बेटी को खोने के बाद गहरे सदमे में थे। उनका एक बड़ा बेटा भी है जो रिसा की मृत्यु के समय दुबई में ही था। रिसा के निधन के बाद उसके भाई और पति दोनों घर लौट आए। जब कि उसका पति आसिफ पहले अपने घर गया और अंतिम संस्कार के समय वहां पर पहुंचा। 

 

परिवार वालों ने आसिफ व उसके परिवार वालों के खिलाफ जांच करने कि मांग की है। जांच के तहत जांचकर्ता रिसा के सुसाइड नोट,  दोस्तों को भेजे गए संदेशों और उसके फोन से मिले अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं।