महाराष्ट्र में आज भारी बारिश ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश जारी है जिसके कारण राज्य के कई प्रमुख शहरों में जलभराव की तस्वीरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं के कारण कुल 10 लोगों की मौत हो गई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पुणे-मुंबई के बीच ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई-पुणे पुराना राजमार्ग भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड के बाद सोमवार को बंद कर दिया गया। इसके अलावा बारिश का असर ट्रेन और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है।
भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने राजमार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी गई है। पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि अगले निर्देश तक पुणे और मुंबई के बीच यात्रा करने से बचें।
यह भी पढ़ें: 'बिहार में वोटर ही नहीं अब जीते नेता भी बिक रहे', लालू यादव का BJP पर हमला
पुणे-मुंबई के बीच सफर हुआ मुश्किल
पुलिस ने बताया कि मावल और ताम्हिणी घाट के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे पुणे और मुंबई को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे को एक कंक्रीट का खंभा गिर जाने के बाद ‘कनेक्टिंग लिंक’ और ‘मिसिंग लिंक’ खंडों के बीच ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में लैंडस्लाइड हुआ है, जहां प्रभावित इलाके में एक परिवार के फंसे होने की सूचना है ।दो महीने पहले शुरू किया गया मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का ‘मिसिंग लिंक’ 13 किलोमीटर लंबा बाईपास है। इसके बन जाने से अब यात्रा में 25 से 30 मिनट तक कम समय लगता है। हालांकि, पहली ही बारिश में यह बंद हो गया है।
रेलवे सेवाएं हुई प्रभावित
भारी बारिश और जलभराव के कारण कई जगहों पर रेल सेवाएं भी बाधित हुई हैं। भारतीय रेल के सेंट्रल रेलवे जोन ने कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। इसके साथ कई ट्रेनों के रूट भी बदले गए हैं। इसके साथ ही रेलवे ने कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट करने का भी फैसला किया है। सेंट्रले रेलवे ने बारिश के कारण प्रभावित ट्रेनों की पूरी लिस्ट शेयर कर दी है।
क्या बोले रेल मंत्री?
मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुआ है। ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी के ढेर गिर गए हैं, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हैं। रेल मंत्री भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी लैंडस्लाइड और रेलवे ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की गई है। रेलवे की टीम बहाली कार्य के लिए पूरी तरह तैयार है। आज भी भारी बारिश की संभावना है। मैंने पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे के अधिकारियों को एक टीम की तरह मिलकर काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।'
यह भी पढ़ें: बिहार के बांका में दिनदहाड़े फायरिंग, दो दोस्तों की मौके पर ही मौत
इन कॉरिडोर चल रही ट्रेनें
सेंट्रल रेलवे ने बताया है कि चार कॉरिडोर पर ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। मुख्य लाइन पर ट्रेनें 6-8 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि हार्बर लाइन पर 4 मिनट की देरी है। ट्रांसहार्बर और उरण-बेलापुर लाइन की ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं। इसके अलावा सेंट्रल रेलवे की कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। वहीं, कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं।
कर्जत और लोनावाला के बीच साउथ ईस्ट घाट सेक्शन में लगातार भारी बारिश जारी है और कई जगहों पर जलभराव हो गया है। मुंबई डिवीजन की अप मेन लाइन पर ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच लैंडस्लाइड हुआ है, जिसके चलते कई ट्रेनें रद्द हो गई तो कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया। महाराष्ट्र के कई इलाकों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। इसके साथ ही कई जगहों पर स्कूल, कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं।


