उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को विश्वस्तरीय पर्यटन और पर्यावरणीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गोमती नदी के किनारे 19 किलोमीटर लंबे ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में वाराणसी की तर्ज पर भव्य आरती, फ्लोटिंग होटल, सिटी फॉरेस्ट, वेलनेस पार्क, हेरिटेज प्रोमेनेड और बोटिंग जैसी कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह परियोजना उत्तर प्रदेश स्टेट कैपिटल रीजन (UPSCR-2051) विजन का अहम हिस्सा है।

 

परियोजना का पहला चरण 2027 से 2030 तक चलेगा। इस दौरान 1100 करोड़ रुपये की लागत से NH-230 से आचार्य नरेंद्र देव मार्ग तक 11.5 किलोमीटर क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट और रिवरफ्रंट सुविधाएं विकसित की जाएंगी। दूसरे चरण में 2030 से 2035 के बीच 700 करोड़ रुपये की लागत से NH-24 से आउटर रिंग रोड तक 7.5 किलोमीटर लंबे वेलनेस कॉरिडोर का निर्माण होगा।

क्या-क्या बनेगा?

ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर में भव्य आरती के लिए घाट, हेरिटेज प्रोमेनेड, सांस्कृतिक प्लाजा, शिल्प मूर्तियां, हेरिटेज मार्केट, मेला ग्राउंड, फ्लोटिंग होटल, बोटिंग, एक्वाकल्चर सेंटर, बोटैनिकल गार्डन, योगा कोर्ट, प्लैनेटोरियम, ओपन प्लेफील्ड और वेलनेस पार्क जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

 

यह भी पढ़ें: 'आज कॉकरोच पार्टी, कल सुअर पार्टी बनेगी तो समर्थन करेंगे?' भड़क गए BJP नेता

बिना भूमि अधिग्रहण के बाद बनेगा प्रोजेक्ट

इस परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जबकि नगर निगम और मत्स्य विभाग भी इसमें भागीदार होंगे। परियोजना को PPP मॉडल, लीज मॉडल और सोशल इको बॉन्ड्स के जरिए वित्तीय सहयोग मिलने की योजना है।

 

सरकार का मानना है कि ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर बनने के बाद गोमती नदी का स्वरूप पूरी तरह बदलेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राजधानी को आधुनिक, हरित एवं सांस्कृतिक शहर के रूप में नई पहचान मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें: संगठन तो बन गया, अब UP में किन नेताओं को मिलेगा क्षेत्रीय प्रभारी का पद?

ग्रीन कॉरिडोर के बाद दूसरी बड़ी सौगात

हाल ही में लखनऊ को 1519 करोड़ रुपये के ग्रीन कॉरिडोर की सौगात मिली है। अब ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर परियोजना राजधानी के शहरी विकास को नई रफ्तार देने वाली दूसरी बड़ी पहल साबित हो सकती है।