उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मां के प्रेम संबंध से नाराज बेटे ने युवक की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद को बचाने के लिए शादी समारोह में शामिल हो गया और सामान्य व्यवहार करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि, लखनऊ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सूरज गौतम के रूप में हुई है, जो एसजीपीजीआई (SGPGI) में संविदा सफाईकर्मी के तौर पर काम करता था। शुक्रवार सुबह उसका शव बिजनौर थाना क्षेत्र के अशरफ नगर स्थित झील के पास मिला था। शव पर सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और हत्या के पीछे की कहानी सामने आ गई।
यह भी पढ़ें: MP में दर्जनों अफसरों ने जमीन खरीदी, वहीं से निकला बाइपास, क्यों उठे सवाल?
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान इलाके में लगे करीब 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच के बाद 22 वर्षीय अनिल कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया जबकि उसके एक नाबालिग रिश्तेदार को हिरासत में लिया गया है।
मां से संबंध को लेकर था विवाद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सूरज गौतम का आरोपी की मां के साथ पिछले करीब तीन साल से संबंध था। इस बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद चल रहा था। आरोपी अनिल ने कई बार सूरज को घर आने और उसकी मां से मिलने से मना किया था लेकिन इसके बावजूद दोनों का संपर्क बना रहा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब दो महीने पहले सूरज को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसके बाद उसने हत्या की योजना बनाई।
यह भी पढ़ें: नबन्ना नहीं राइटर्स बिल्डिंग से बंगाल सरकार चलने के एलान से खुश क्यों हैं लोग?
हत्या के बाद शादी में पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उसने खून से सने कपड़े घटना स्थल के पास धोए और फिर सीधे एक शादी समारोह में पहुंच गया, ताकि लोगों को उस पर शक न हो। इतना ही नहीं, वह बाद में उसी इलाके में सामान्य तरीके से घूमता भी रहा, जहां शव मिला था। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
