उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। करीब एक साल पहले शादी के बंधन में बंधी महिला अपने पुराने प्रेमी के साथ घर से चली गई। चार दिन तक तलाश के बाद जब महिला हरदोई में अपने प्रेमी के साथ मिली तो पुलिस उसे थाने ले आई। यहां घंटों चली पंचायत के बाद महिला अपने पति के साथ रहने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद उसके पति ने ऐसा फैसला लिया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। PRD जवान ने पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए उसके प्रेमी के साथ मंदिर में शादी करा दी और दोनों को विदा कर दिया।
मामला मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। महिला और उसका प्रेमी दोनों माल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की थी। इसी दौरान उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम-प्रसंग में बदल गई। दोनों के बीच लंबे समय से नजदीकी थी और फोन पर बातचीत भी होती रही। हालांकि, करीब एक साल पहले महिला के परिजनों ने उसका विवाह मलिहाबाद क्षेत्र के रहने वाले एक PRD जवान से करा दिया। शादी के बाद शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन महिला अपने पुराने प्रेमी को भुला नहीं पाई। बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
4 दिन पहले अचानक घर से हो गई थी गायब
चार दिन पहले महिला अचानक ससुराल से बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजन परेशान हो गए। इसके बाद मलिहाबाद कोतवाली में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला के मोबाइल और सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन पड़ोसी जिले हरदोई में मिली।
पुलिस को जानकारी हुई कि महिला अपने प्रेमी के साथ है। इसके बाद मलिहाबाद पुलिस हरदोई पहुंची और महिला को उसके प्रेमी के साथ सकुशल बरामद कर थाने ले आई।
यह भी पढ़ें: घर में अकेली थी 13 साल की बच्ची, शटरिंग ठेकेदार के साथी ने किया दुष्कर्म
थाने में घंटों चली पंचायत, लेकिन पत्नी नहीं मानी
महिला के मिलने के बाद उसे थाने लाया गया। यहां दोनों पक्षों के परिवारों और पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चला। महिला से पति के साथ वापस जाने के लिए कहा गया, लेकिन उसने साफ तौर पर अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। महिला अपने फैसले पर अड़ी रही। उसने पति के साथ रहने के बजाय अपने पुराने प्रेमी के साथ जिंदगी बिताने की बात कही।
पति ने जबरन रिश्ता निभाने से किया इनकार
पत्नी के फैसले के बाद PRD जवान ने भी जबरन रिश्ता थोपने से इनकार कर दिया। उसने पत्नी की इच्छा को स्वीकार करते हुए अलग होने पर सहमति दे दी। इसके बाद जरूरी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा किया गया। फिर दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थानीय मंदिर में महिला और उसके प्रेमी की हिंदू रीति-रिवाज से शादी करा दी गई। बताया जा रहा है कि PRD जवान ने खुद अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई और दोनों को नई जिंदगी के लिए विदा कर दिया।
यह भी पढ़ें: फर्जी रेप केस में फंसाकर करते थे वसूली, गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिफ्तार
इलाके में PRD जवान के फैसले की चर्चा
आमतौर पर ऐसे मामलों में पति-पत्नी और दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है, लेकिन इस मामले में PRD जवान के फैसले ने लोगों को चौंका दिया। पत्नी के प्रेम संबंध को लेकर हंगामा करने के बजाय उसने उसकी इच्छा का सम्मान किया और उसे उसके प्रेमी के साथ भेज दिया। अब इस पूरे मामले की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।
