कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। भटकल तालुक के शिराली गांव में रविवार दोपहर भारी बारिश के बीच एक ही परिवार के 14 लोग नदी में मीठे पानी की सीपियां (शेल) इकट्ठा करने गए थे। तभी अचानक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और पानी का बहाव बहुत तेज हो गया। तेज बहाव में पूरा परिवार फंस गया। इस हादसे में 10 लोगों की डूबकर मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है।

 

यह भयानक हादसा शिराली गांव के पास से गुजरने वाली पाली हाल्लू वेनकचापुर नदी में दोपहर करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच हुआ। पुलिस के मुताबिक, पाडुशिराली शरदाहोले गांव का यह परिवार भारी बारिश के दौरान नदी में मछलियां पकड़ने और सीपियां चुनने गया था।

 

यह भी पढ़ें: बाइक की मामूली टक्कर के बाद पिता-पुत्रों को चाकू से गोदा; 2 की मौत, 1 घायल

अचानक पानी बढ़ने से 10 लोगों की मौत

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान लक्ष्मी मादेव नायक (38), लक्ष्मी शिवराम नायक (39), मालती जट्टप्पा नायक (38), मस्तम्मा मंजूनाथ नायक (43), लक्ष्मी अन्नप्पा नायक (44), ज्योति नायक (37), उमेश मंजूनाथ नायक (42), मंजम्मा गोयदा नायक (40), नागरत्ना परमेश्वर नायक (40) और मादेवी मंजूनाथ नायक (60) के रूप में हुई है। वहीं, 43 वर्षीय मादेव बैरप्पा नायक अभी भी लापता हैं। लापता व्यक्ति को ढूंढने के लिए तटीय सुरक्षा बल, दमकल विभाग, पुलिस टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पीएम और सीएम ने जताया गहरा शोक

इस दर्दनाक घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इसे बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है और राज्य सरकार की तरफ से हर मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है।

 

यह भी पढ़ें: लुधियाना में 3 दिनों की घोषित बस हड़ताल खत्म, किस बात से नाराज थे संविदाकर्मी?

 

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताया है और कहा है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हर मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये और घायलों को इलाज के लिए 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।