उत्तर प्रदेश के मेरठ सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर पीटीएम कंपनी के टीम लीडर से हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से फरार चल रही मुख्य महिला आरोपी और रागिनी कलाकार ज्योति चौधरी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के कुछ दिन बाद ही ज्योति ने दूसरी शादी कर ली थी और अपने नए पति के साथ हरिद्वार में हनीमून मना रही थी। गिरफ्तारी की सबसे बड़ी वजह उसका सोशल मीडिया प्रेम बना। इंस्टाग्राम पर डाली गई एक पोस्ट और वीडियो से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस सीधे उसके ठिकाने तक पहुंच गई।

 

पुलिस के अनुसार 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी आकाश शर्मा, जो पीटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के सेल्स टीम लीडर हैं, बाइक से लौट रहे थे। सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर पाली पुल के पास दो बाइकों पर आए चार बदमाशों और एक महिला ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मोबाइल फोन और बाइक लूट ली। जांच में पांच लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमे में डकैती की धाराएं बढ़ा दीं।

 

पुलिस पहले ही इस मामले में पाली गांव निवासी अंकित शर्मा, उसके भाई गौरव शर्मा और सरधना निवासी शनि उर्फ शिवम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ के दौरान रागिनी कलाकार ज्योति चौधरी का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

 

यह भी पढ़ें: 'पंडित-पासी-पासवान' पर दांव, चिराग पासवान ने फूंका यूपी चुनाव का बिगुल

दूसरी शादी कर पहुंची हरिद्वार, इंस्टाग्राम ने खोला राज

जांच में पता चला कि 23 जून को ज्योति ने किठौर क्षेत्र के छुछाई गांव निवासी मोहित नागर से दूसरी शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों हरिद्वार चले गए और एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। इस दौरान ज्योति लगातार इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील पोस्ट करती रही। एक वीडियो में उसने फिल्मी डायलॉग के जरिए पुलिस को चुनौती देने की भी कोशिश की। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट से मिली लोकेशन को ट्रैक किया और हरिद्वार के दत्त गेस्ट हाउस से उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि ज्योति रागिनी कार्यक्रमों में डांस करती थी। अधिक पैसा कमाने और महंगे शौक पूरे करने की चाह में उसका संपर्क मोहित नागर और अन्य आरोपियों से हुआ। पुलिस का दावा है कि दूसरी शादी के खर्च और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने डकैती की साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि ज्योति का नाम पहले भी हनीट्रैप से जुड़े एक मामले में सामने आ चुका है। उसका पहला विवाह बुलंदशहर के सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीटू से हुआ था लेकिन बाद में उसने उससे अलग होकर मोहित नागर से दूसरी शादी कर ली।जांच एजेंसियों के मुताबिक, गौरव और अंकित शर्मा की बहन सीमा वर्ष 2024 में हनीट्रैप मामले में जेल गई थी। वहीं से ज्योति का संपर्क इस गिरोह से हुआ। पुलिस अब उसके कथित गैंगस्टर अमित मिरिंडा से संबंधों और अन्य आपराधिक मामलों में भूमिका की भी जांच कर रही है।

 

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं बजरंग बागड़ा और कृष्णमोहन, क्यों ले सकते हैं चंपत राय की जगह?

पुलिस बोली- खुल सकते हैं कई और राज

सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि ज्योति चौधरी से गहन पूछताछ की जा रही है। उसका पूरा आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। यदि जांच में अन्य वारदातों में भी उसकी संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मेरठ पुलिस का मानना है कि ज्योति चौधरी की गिरफ्तारी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय इस गिरोह के कई और राज खुल सकते हैं।