मध्य प्रदेश की राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र चोरी होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेकेंड ईयर पोस्टग्रेजुएट (PG) छात्रों की कंप्यूटर परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही नौ सीलबंद प्रश्नपत्रों के पैकेट गायब मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा रद्द करनी पड़ी। शुक्रवार सुबह 11 बजे होने वाली यह परीक्षा अब अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई है। इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के परीक्षा केंद्र में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात चोरी हुई। सुबह जब अधिकारी केंद्र पहुंचे तो एक खिड़की टूटी हुई मिली और प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया और छात्रों को परीक्षा रद्द होने की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें: चंपत राय ने तोड़ी चुप्पी, बोले- SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा जवाब
खिड़की तोड़कर चुराए गए सीलबंद प्रश्नपत्र
शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर खिड़की तोड़कर परीक्षा केंद्र के अंदर घुसे और सीलबंद लिफाफों में रखे नौ प्रश्नपत्रों के पैकेट लेकर फरार हो गए। मौके से कुछ सामान बिखरा हुआ भी मिला। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
RGPV कुलपति ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
RGPV के कुलपति आलोक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वह परीक्षा केंद्र पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की निदेशक अर्चना तिवारी और PG परीक्षा नियंत्रक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: 3 की मौत, 7 लापता... वायनाड में लैंडस्लाइड से मची तबाही, सामने आया VIDEO
कुलपति आलोक शर्मा का कहना है कि यह केवल चोरी की सामान्य घटना नहीं लगती, बल्कि विश्वविद्यालय और प्रदेश की छवि खराब करने की सोची-समझी कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


