मुंबई में प्रदर्शनकारी छात्र को मादक पदार्थ मामले में फंसाने की धमकी देने वाले पुलिस के ड्राइवर को तैनाती से हटा दिया गया है। इसके अलावा वायरल वीडियो के जांच का आदेश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय एक्शन लिया जा सकता है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी छात्रों को दोबारा आंदोलन में शामिल न होने की धमकी दे रहा है। वह कहता है, 'अगर इधर वापस मिला तो मेरे से खराब आदमी नहीं होगा। 50-50 ग्राम जेब में पाउडर डाल देगा। फिर जिंदगी गया। तुम लोग की वजह से अभी हम लोगों को तकलीफ है।'

 

यह भी पढ़ें: संजीव मुखिया के खिलाफ कोई सबूत नहीं, नीट 2024 पेपर लीक केस में बोली CBI

 

अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में जांच का आदेश दिया गया। तथ्यों को सत्यापित करने के बाद संबंधित ड्राइवर को जांच पूरी होने तक उसकी वर्तमान तैनाती से हटा दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिसकर्मी की पहचान सिपाही पवन सांगले के तौर पर हुई है। अभी सायन पुलिस थाने पर तैनात है। 

 

 

जंतर-मंतर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अगुवाई में होने वाले छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई के चेंबूर, आजाद मैदान और शिवाजी पार्क समेत अनेक इलाकों में छात्रों की भीड़ जुट रही है। इसी बीच पुलिस के गाड़ी में बैठे कुछ छात्रों का वीडियो सामने आया है। इसमें पुलिस गाड़ी का चालक छात्रों को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है। मुंबई कांग्रेस ने यह वीडियो अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया था।

 

यह भी पढ़ें: सदन में बहस vs प्रधान का इस्तीफा: संसद में विपक्ष का हंगामा, नहीं बन रही बात

 

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस के डीसीपी अकबर पठान ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है, 'मुंबई पुलिस ने कांग्रेस द्वारा पोस्ट किए गए वायरल वीडियो की जांच का आदेश दिया है। तथ्यों को जांचने के बाद कार्रवाई की जाएगी।'