बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक प्राइवेट अस्पताल में आग लगने के चलते कई लोगों की मौत हो गई है। यह घटना दिल्ली के होटल में लगी आग के अगले ही दिन हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के ICU में आग लगी थी और कई हिस्सों में आग फैल जाने के चलते अभी तक 4 लोगों की मौत हो गई है। लोगों ने बताया कि यह घटना बुधवार-गुरुवार की देर रात लगभग 4 बजे लगी। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि आग लगने के बाद अस्पताल प्रशासन के लोग भाग खड़े हुए।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, आग बुझाने के लिए पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने अस्पताल की खिड़कियों के शीशे तोड़कर भी लोगों को बाहर निकाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई लोग बुरी तरह जल गए हैं और उन्हें घायल अवस्था में ही दूसरे अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली के जिस होटल में लगी आग उसका मालिक गिरफ्तार, अब तक क्या-क्या हुआ?

 

क्या बोले अधिकारी?

इस घटना के बारे में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा है, 'मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल के ICU में लगी भीषण आग के कारण कई लोगों की जान चली गई। घटनास्थल पर तुरंत पहुंची दमकल की टीमों ने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।'

 

एक पुलिस अधिकारी ने इस घटना के बारे में मीडिया से कहा है, 'हमें रात के 3 बजकर 55 मिनट पर सूचना मिली कि प्रसाद हॉस्पिटल के ICU में आग लगी हुई है। हमने तुरंत ऐक्शन लिया और एक-एक करके कुल 6 गाड़ियां भेजी गईं। हमने कम से कम 10 लोगों को जिंदा बचाया है और लगभग 10 लोगों को मृत स्थिति में निकाला गया है। अस्पताल और मरीजों के परिजन ने भी मदद की। अभी हमें गिनती करनी है कि असल में कितने लोगों की मौत हुई है। शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।'

 

यह भी पढ़ें: रंगदारी न देने पर होटल कारोबारी के बेटे को सरेआम मार डाला, एनकाउंटर में शूटर ढेर

 

रात में लगी आग को अब बुझाया जा चुका है और अब अस्पताल को खाली करवाया जा चुका है। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे अस्पताल की तलाशी ले चुकी है। अब आगे की जांच की जा रही है कि आखिर सुरक्षा मानकों की स्थिति क्या थी और आग लगने की असली वजह क्या थी।

 

CM ने किया मदद का एलान

इस घटना के बारे में बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने लिखा है, 'मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। शोक-संतप्त परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनो को इस कठिन समय में संबल दें। मृतकों के परिजन को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और घायलों के उपचार हेतु सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है।'