उत्तर प्रदेश के जिला गौतम बुद्ध नगर के नोएडा में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। बादलपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके मुंहबोले मामा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। आरोपी परिवार का परिचित था और घर पर उसका आना-जाना था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लापता होने की दर्ज कराई थी शिकायत
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के मुताबिक, 19 नवंबर को एक व्यक्ति ने बादलपुर थाने पहुंचकर अपनी नाबालिग भांजी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों को जानकारी मिली थी कि बच्ची को गांव के रहने वाले रोहित उर्फ चंद्रा के साथ देखा गया है। बच्ची आरोपी को मामा कहकर बुलाती थी। वह परिवार से परिचित था और घर पर भी उसका आना-जाना था।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में चाय पीने निकले 5 दोस्तों की मौत, रात का सफर बना काल; 2 गंभीर घायल
तीन पुलिस टीमों ने शुरू की तलाश
परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल तलाश लिया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू की।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक आरोपी बाइक से भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के इरादे से गोलीबारी की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: 6 लाख में पत्नी ने दी पति की सुपारी, कांस्टेबल प्रेमी संग पकड़ी गई
पीड़िता का कराया जा रहा मेडिकल परीक्षण
डीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन के अनुसार नाबालिग की हालत ठीक है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई के दौरान दो घंटे के भीतर नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी हुई। फिलहाल आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है और मामले की जांच जारी है।
