बिहार के कटिहार में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव का काफिला रविवार रात को हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं, पप्पू यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं। सांसद ने फेसबुक पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी है।
पप्पू यादव ने घटना की जानकारी देते हुए फेसबुक पर पोस्ट कर सड़क निर्माण में लापरवाही और सुरक्षा के इंतजाम पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मौत को इतने करीब देखकर मन भावुक है। एक बड़ी अनहोनी टल गई।
यह भी पढ़ें: धूल के कारण रास्ता नहीं दिखा, ट्रेनिंग के दौरान जवानों पर चढ़ा टैंक, 2 की मौत
पप्पू यादव ने क्या कहा?
पप्पू यादव ने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं, किसी के गर्दन में, किसी के माथे और पीठ पर चोट लगी है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। पप्पू यादव ने कहा कि बारिश के कारण सड़क की मिट्टी गीली थी। ऐसा नहीं होता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
सांसद ने पोस्ट में लिखा, ‘जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई। ईश्वर की कृपा और आप सबकी दुआओं से हमारे सभी लोग सुरक्षित हैं। मौत को इतने करीब देखकर मन भावुक है। एक बड़ी अनहोनी टल गई।’
ठेकेदार और PWD के अधिकारियों पर उठाए सवाल
इस हादसे को लेकर पप्पू यादव ने सड़क निर्माण करा रही कंपनी और PWD के अधिकारियों पर सवाल उठाए, उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ के समय से ही इस सड़क की हालत खराब है लेकिन अब तक इसका ठीक से निर्माण नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे।
पप्पू यादव ने कहा कि मौके पर न तो खतरे का बोर्ड था, न ही कोई चेतावनी और न ही दूर तक सुरक्षा के लिए संकेत या अवरोधक लगाए गए थे। उन्होंने ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को इस लापरवाही पर सवाल उठाए।
