डाक विभाग ने आमजन को सुविधा देने के लिए हरियाणा के अलग-अलग जिलों में एटीएम लगाए। खाताधारकों को भी एटीएम से नकदी निकालने की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ये योजना धीरे-धीरे दम तोड़ने लगी है। वर्ष 2015 में अंबाला से एटीएम लगाने की शुरुआत की गई थी। इसके बाद एक के बाद एक कर लगभग पूरे हरियाणा के सभी जिलों में इसका विस्तार करते हुए एटीएम लगाए गए। जिसके चलते विभाग की तरफ से अलग-अलग जिलों में कुल 20 एटीएम शुरू किए गए थे। हाल में इनकी संख्या कम होकर 16 रह गई है। विभाग की तरफ से इसकी वजह इन एटीएम का ज्यादा इस्तेमाल न होना बताया गया है। पंचकूला, फरीदाबाद, झज्जर व सोनीपत में ये एटीएम बंद हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का निधन
अब बदलेंगे लॉकेशन
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा मनीषा बंसल बादल ने जानकारी दी है कि जिन जगहों पर ये एटीएम बंद हुए हैं, वहां से उनकी लॉकेशन बदली जाएगी। जिसके चलते एक दो एटीएम को दूसरे शहर में भी शिफ्ट किया जाएगा। इन एटीएम में ज्यादा लोग ट्रांजेक्शन के लिए नहीं आ रहे थे। जिस कारण यहां मेंटेनेंस रखने वाली कंपनी को इसके बाद भी विभाग हर महीने मेंटेनेंस की पेमेंट कर रहा था। इसके साथ ही यहां बिजली का बिल भी अदा करना पड़ रहा था, जबकि यहां एटीएम का इस्तेमाल बहुत कम या नहीं हो रहा था। वर्तमान में अंबाला कैंट जीपीओ, अंबाला सिटी प्रधान डाकघर, रोहतक, गुरुग्राम, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, सिरसा, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, बहादुरगढ़, रेवाड़ी, फतेहाबाद, नारनौल और जींद में एटीएम स्थापित हैं।
यह भी पढ़ें: ई-जीरो के तहत साइबर क्राइम के मामलों में 5 महीने में 1,533 एफआईआर हुई दर्ज
चेन्नई में लगा था पहला एटीएम
डाक विभाग की तरफ से देश में सबसे पहला एटीएम 25 फरवरी 2014 को चेन्नई के थियागाराया नगर प्रधान डाकघर में लगाया गया था। तत्कालीन केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने इसका उद्घाटन किया था। शुरूआत में इसका लाभ डाकघर बचत खाताधारकों तक सीमित था। बाद में 31 दिसंबर 2016 से डाक विभाग के एटीएम को अन्य बैंकों के एटीएम नेटवर्क से जोड़ दिया गया। बता दें कि मार्च 2025 में एटीएम सेवाओं के संचालन में परेशानी का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: 23 दिसंबर को होंगे चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव, 26 दिसंबर को आएंगे नतीजे
अस्थायी रूप से बंद की थी सेवाएं
12 मार्च 2025 को विभाग ने आदेश जारी कर अपने सभी एटीएम की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं। आदेश के मुताबिक एटीएम संचालन का जिम्मा संभाल रही कंपनी एजीएस ट्रांसेक्ट टेक्नोलॉजिस ने आवश्यक सेवाएं बंद कर दी थीं, जिससे एटीएम गैर-कार्यशील हो गए थे। इसके बाद 23 सितंबर 2025 को विभाग ने सीएमएस लिमिटेड को नया एटीएम संचालन प्रदाता नियुक्त करने का आदेश जारी किया। नई कंपनी को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद एटीएम सेवाएं बहाल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
