उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुई रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव में शनिवार दोपहर एक युवक को महिला और उसके पति ने ग्रामीणों के सामने घेर लिया। इसके बाद दोनों ने ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी ग्राम प्रधान गणेश प्रसाद के 35 वर्षीय बेटे रमाकांत के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, रमाकांत शुक्रवार को कार से अपनी पूर्व परिचित महिला से मिलने उसके मायके खैरहनी गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि महिला से उसका पहले से संपर्क था। शनिवार दोपहर महिला और उसके मौजूदा पति ने रमाकांत को ग्रामीणों के सामने ही घेर लिया। इसके बाद दोनों ने रमाकांत पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोट लगने के बाद रमाकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें: आकाश आनंद को निकालने से BSP में बढ़ी बेचैनी, इस्तीफों से पार्टी में मचा हड़कंप

पहले पति से तलाक के बाद हुई थी दूसरी शादी

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग का सामने आया है। बताया जा रहा है कि छतैया गांव निवासी सोनी की शादी वर्ष 2010 में अमित नाम के व्यक्ति से हुई थी। इसी दौरान सोनी रमाकांत के संपर्क में आई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।करीब सात साल बाद सोनी का अपने पहले पति से तलाक हो गया। इसके बाद उसने खैरहनी निवासी सुरेंद्र से दूसरी शादी कर ली। बताया गया है कि सुरेंद्र और सोनी बीते करीब तीन वर्षों से साथ रह रहे थे।

 

महिला के दोबारा शादी कर लेने के बावजूद रमाकांत उससे मिलने खैरहनी पहुंच गया। इसी बात को लेकर महिला और उसके पति में नाराजगी थी। शनिवार दोपहर जब रमाकांत वहां पहुंचा तो महिला और उसके पति ने उसे घेर लिया और दोनों ने मिलकर हमला कर दिया।हमले में रमाकांत को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

यह भी पढ़ें: छात्रा से छेड़खानी में सिपाही पर केस, सस्पेंड, हंगामे के बाद बाइक छोड़ फरार

तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महिला और उसके पति को हिरासत में ले लिया। बछरावां थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में शामिल दोनों मुख्य आरोपियों पति और पत्नी को हिरासत में लिया गया है।थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।