बिहार की बांकीपुर विधानसभा के उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज के सूत्रधार और विधायक प्रशांत किशोर पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। क्षेत्र में जगह-जगह आयोजित आभार सभा में उन्होंने लोगों का धन्यवाद किया और साथ ही रोजगार को लेकर बड़ा एलान भी किया। यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ पर मंगलवार को आयोजित सभा में प्रशांत किशोर ने वादा किया है कि वह अपनी विधानसभा के 10 हजार युवाओं को कहीं न कहीं नौकरी दिलाएंगे। इसके लिए उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे अपना बायोडेटा उनके कार्यालय में जमा करा दें। उन्होंने 5 किलो अनाज और 1100 रुपये पेंशन वाली योजना में भी सुधार लाने का वादा किया है।
बांकीपुर में जनता को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के किसी भी विधानसभा क्षेत्र से अगर सबसे ज्यादा नौकरी कहीं मिलेगी तो वह बांकीपुर से मिलेगी। पीके ने कहा कि देशभर में उनके जितने भी कॉरपोरेट और उद्योग जगत में संबंध हैं, उन सभी से बात कर बिहार के युवाओं के लिए नौकरी मांगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जन सुराज की सरकार बनने पर बिहार के बच्चों को बाहर कमाने नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, 'बहुत लोग पूछ रहे थे कि जीत के बाद 4-5 दिन कहां थे? मैं उन्हीं का काम कर रहा था। आपका बच्चा पढ़ा-लिखा है तो उसका बायोडाटा मेरे कार्यालय में जमा कर दीजिए। अगले एक साल में बांकीपुर के कम से कम 10 हजार युवाओं के लिए प्राइवेट नौकरी की व्यवस्था करेंगे।'
यह भी पढ़ें: 'टकसाली VS इंपोर्टेड' की जंग, पंजाब चुनाव से पहले BJP में कलह, समझिए पूरी कहानी
3 महीने में राशन-पेंशन की व्यवस्था सुधारने का वादा
इस आभार सभा में प्रशांत किशोर ने राशन और पेंशन व्यवस्था को लेकर भी सख्त बात कही। उन्होंने कहा कि लोगों को उम्मीद है कि उनके जीतने से जीवन बदलेगा और वह जीवन तभी बदलेगा जब पढ़ाई और रोजगार मिलेगा। प्रशांत किशोर ने कहा, 'आप मुझे 3 महीने का समय दीजिए। यहां राशन कार्ड बनाने के लिए कोई 1 रुपया घूस नहीं ले सकेगा। जिसका राशन कार्ड है उसे 5 किलो अनाज मिलेगा, 4 किलो नहीं। 60 साल से ऊपर के जिन बुजुर्गों को 1100 रुपये पेंशन नहीं मिल रही है, वे मेरे कार्यालय में आवेदन दें। यह हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें निश्चित तौर पर पैसा मिले। 5 किलो अनाज और 1100 रुपये पेंशन के लिए चिंता मत कीजिए, 3 महीने में इसे सुधार कर दिखाएंगे।'
उन्होंने कहा कि जन सुराज की राजनीति का मकसद ही यही है कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। बिचौलियों और भ्रष्टाचार को खत्म करना होगा।
सम्राट चौधरी पर क्या बोले PK?
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर आप हमें वोट देंगे तो बिहार में नेतृत्व और एजेंडा दोनों बदलेगा। PK ने कहा, 'सम्राट चौधरी जब बदलेंगे तब बदलेंगे लेकिन आप देख रहे हैं कि उनके काम करने का तरीका बदल गया है। जब से बांकीपुर का रिजल्ट आया है बिहार में एनकाउंटर की बात नहीं हो रही। अब पढ़ाई और रोजगार की बात हो रही है। यह आपके वोट की ताकत है।'
यह भी पढ़ें: 'क्या आप कट्टर हिंदू हैं', राम मंदिर ट्रस्ट के CEO उम्मीदवारों से क्या पूछा गया?
उन्होंने भरत तिवारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में 11 लोगों पर FIR हुई है। प्रशांत किशोर ने इस पर आगे कहा, 'यह भी आपके वोट ने करवाया। जनता जब जाग जाती है तो सरकार को भी पढ़ाई-रोजगार की बात करनी पड़ती है। वह कर पाएंगे या नहीं यह अलग बात है लेकिन एजेंडा तो बदल गया।' PK ने दावा किया कि बीजेपी को हराने के बाद बिहार का मुख्यमंत्री अब पढ़ाई-रोजगार पर बात करेगा और सम्राट चौधरी का हटना तय है, चाहे आज हो या 6 महीने बाद।
'सरकारी स्कूल नहीं सुधरे तो 1 साल बाद प्राइवेट की फीस देंगे'
शिक्षा को लेकर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले 1 साल के अंदर या तो सरकारी विद्यालयों की हालत सुधर जाएगी या फिर नहीं सुधरी तो बांकीपुर के बच्चों की फीस का जिम्मा वह खुद लेंगे। पीके ने कहा, '1 साल के अंदर सरकारी स्कूल बहुत अच्छा हो जाएगा। अगर अच्छा नहीं हुआ तो साल भर बाद आपका बच्चा प्राइवेट स्कूल में पढ़ेगा। उसकी फीस का खर्चा प्रशांत किशोर के जिम्मे रहेगा। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है।' उनका जोर था कि राजनीति का मतलब सेवा है और बांकीपुर को वह मॉडल विधानसभा बनाएंगे। प्रशांत किशोर का दिन पूरी तरह बांकीपुर के नाम रहा। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने दशरथा स्थित शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में जाकर श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लेकर की। वहां उन्होंने शहीद को नमन किया ।
