पंजाब के तरनतारन जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कॉलेज के क्लासरूम में एक छात्र ने अपनी महिला क्लासमेट पर गोली चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी छात्र ने खुद पर भी गोली चला ली जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
यह मामला माई भागो लॉ कॉलेज का है। दोनों छात्र इसी कॉलेज में लॉ की पढ़ाई कर रहे थे। गोली चलाने वाले छात्र का नाम प्रिंस राज है, जबकि गोली लगने से जान गंवाने वाली छात्रा का नाम संदीप कौर है। संदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे उनके परिजन गहरे सदमे में हैं। संदीप कौर की मां ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: लग्जरी कारें, कोठी और ब्लैक मनी, शिवम मिश्रा के पास है करोड़ों की संपत्ति
CCTV में कैद हुई घटना
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि प्रिंस राज पीठ पर बैग टांगे क्लासरूम में घुसता है। पहले वह क्लास की आखिरी बेंच पर जाता है, जहां कोई छात्र मौजूद नहीं था। क्लास के आगे की बेंचों पर 4-5 छात्र दिखाई देते हैं। फुटेज में यह भी देखा जा सकता है कि प्रिंस राज संदीप कौर से बात करते हुए उसे क्लासरूम की आखिरी बेंच पर ले जाता है।
संदीप कौर के साथ एक और लड़की भी दिखाई देती है। तीनों आखिरी बेंच के पास पहुंचते हैं। तभी प्रिंस राज अपने बैग से बंदूक निकालता है और पल भर में ही संदीप कौर पर गोली चला देता है। इसके तुरंत बाद प्रिंस राज खुद के कनपटी पर गोली चला लेता है। वह जमीन पर गिर पड़ता है, जिसके बाद पूरे क्लास में अफरा-तफरी मच जाती है।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु मेट्रो किराए पर मचा बवाल, तेजस्वी सूर्या हिरासत में लिए गए, हुए रिहा
मां का आरोप
संदीप कौर की मां का आरोप है कि कोई छात्र कॉलेज में बंदूक कैसे ला सकता है। कॉलेज में बंदूक के साथ एंट्री कैसे मिल सकती है। साथ ही उन्होंने पुलिस से प्रिंस राज के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के लिए बता दें कि संदीप कौर एक गरीब परिवार से थी। संदीप के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। संदीप की मां कड़ी मेहनत कर अपनी बेटी को लॅा कि पढ़ाई करा रही थीं। संदीप की मां ने कभी सपने में भी यह नहीं सोचा था कि उनकी बेटी के साथ ऐसा कुछ हो जाएगा।
इस मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह क्लास शुरू होने के वक्त की है। संदीप कौर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। जिस पर एसएसपी लांबा ने कहा, 'हमने दोनों छात्रों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि दोनों के बीच के रिश्ते और गोलीबारी से पहले की घटनाओं को समझने के लिए उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।' फिलहाल पुलिस यह पता नहीं लगा पाई है कि प्रिंस राज ने किस मकसद से संदीप कौर और खुद को गोली मारी।
