सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश के रायसेन डिस्ट्रिक्ट जेल से जुड़ा एक CCTV वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जेल का एक कैदी प्रहरी के साथ हाथापाई करता दिख रहा है। कैदी ने प्रहरी की आंख में लाल मिर्च पाउडर डालकर भागने की कोशिश की और उसपर गोली चला दी। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कैदी के पास कट्टा कहां से आया।
यह वीडियो करीब 9 दिन पुराना है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में विचाराधीन आरोपी निलेश उर्फ छोटेल जेल से भागने की फिराक में था। अवैध तरीके से उसने कट्टा जेल में मंगवाया था।
यह भी पढ़ें: ज्योतिषी का नंबर ढूंढ रही थी महिला, साइबर फ्रॉड में गंवाए 5 लाख, आरोपी गिरफ्तार
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रायसेन डिस्ट्रिक्ट जेल में हत्या के आरोपी कैदी नीलेश ने जेल से फरार होने की साजिश रचते हुए अवैध तरीके से जेल के अंदर एक कट्टा मंगवाया था, जिसे किसी ने बाहर से फेंककर उस तक पहुंचाया था। बताया जा रहा है कि हथियार मिलते ही नीलेश ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर हमला बोल दिया और भागने की कोशिश में उन पर गोली भी चला दी।
प्रहरी दिग्विजय सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए उसे दबोच लिया और फरार होने से रोक दिया। यह घटना करीब 9 दिन पहले की है, जिसकी CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जांच के निर्देश
इस मामले में घटना की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक जेल अधीक्षक आरके चौरे का निलंबन कर दिया गया है। इस मामले में आईजी रैंक के अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अब यह पता लगाया जा रहा है कि जेल की सुरक्षा में चूक कहां हुई। इसके अलावा, यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार बंदी तक पहुंचने के पीछे कौन जिम्मेदार है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और कार्रवाई होने की संभावना है।
