महाराष्ट्र के केतन अग्रवाल मर्डर केस को लेकर इंदौर के मृतक राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि केतन हत्याकांड बिल्कुल राजा रघुवंशी मर्डर केस जैसा है, जिसे देखकर उन्हें अपने बेटे की याद आ गई। राजा की मां का कहना है कि जिन लड़कियों को शादी नहीं करनी है, वे शादी से पहले ही साफ इनकार कर दें लेकिन किसी की जान न लें। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि सोनम को जमानत मिलने से समाज में गलत संदेश जा रहा है और इससे दूसरी लड़कियों को भी ऐसे अपराध करने का हौसला मिल सकता है।
राजा रघुवंशी की मां उमा ने शनिवार को केतन मर्डर केस को लेकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सोनम की जमानत रद्द कर उसे वापस जेल भेजा जाए। साथ ही उन्होंने केतन की हत्या पर दुख जताया। जानकारी के लिए बता दें कि इंदौर की सोनम ने अपनी मर्जी के बिना शादी की थी और शादी के बाद राजा की हत्या कर दी थी। इसी तरह सिया ने केतन के साथ सगाई की थी, जिसके बाद केतन की हत्या हो गई। इस मामले में सिया मुख्य आरोपी है।
यह भी पढ़ें: बेगूसराय का 'अनोखा इश्क', सरकारी कर्मचारी के बेटे ने किन्नर लड़की से रचाई शादी
राजा रघुवंशी की मां ने क्या कहा?
राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा, 'पुणे के केतन का मर्डर बिल्कुल राजा मर्डर केस जैसा है। जिस तरह सोनम ने प्लानिंग करके राजा को खाई में गिराकर उसकी जान ली थी, उसी तरह सिया ने भी केतन की हत्या की। सिया ने भी उसी तरह केतन को खाई में गिराया।'
इसके बाद उन्होंने कहा, 'जब मैंने केतन मर्डर केस की कहानी सुनी, तब मुझे वैसा ही दुख महसूस हुआ जैसा राजा की मृत्यु के समय हुआ था। मुझे बहुत दुख हुआ कि जिस तरह सोनम ने किया था, उसी तरह सिया ने भी इस जुर्म को अंजाम दिया। आज मैं केतन की मां का दर्द समझ सकती हूं, क्योंकि मैं खुद उस दर्द से गुजर चुकी हूं।'
यह भी पढ़ें: दहेज के लिए 24 साल कि पत्नी को मार डाला, पति गिरफ्तार
उमा ने सोनम और सिया का उदाहरण देते हुए देशभर की लड़कियों से कहा, 'अगर तुम्हें शादी या सगाई नहीं करनी है तो मत करो। अपने मां-बाप से खुलकर बात करो, लेकिन इस तरह किसी लड़के की जान मत लो।'
सोनम की जमानत को लेकर किया दावा
राजा रघुवंशी की मां ने दावा किया कि इस समय सोनम को 11 महीने की जमानत मिली हुई है, जो समाज में गलत संदेश दे रही है। उन्होंने कहा, 'सोनम अभी जेल के बाहर है। उसे देखकर दूसरी लड़कियों को भी गलत संदेश मिल रहा है। उन्हें लग सकता है कि जब सोनम इतनी बेहरमी से राजा की हत्या करने के बाद भी बाहर घूम रही है, तो हम क्यों नहीं। इसी वजह से सोनम को जमानत नहीं मिलनी चाहिए।'


