हरियाणा के 398 सरकारी स्कूलों में पीने के पानी के सैंपल फेल होने के बाद अब बच्चों को शुद्द पेय जल उपलब्ध करवाने के लिए जल्द ही आरओ सिस्टम लगाए जाएंगे। इसको लेकर शिक्षा विभाग की तरफ से योजना तैयार की गई है। बता दें कि प्रदेश में 14297 सरकारी स्कूल हैं। शिक्षा विभाग की तरफ से कुछ दिन पहले इनमें से 6469 सरकारी स्कूलों में पीने के पानी के सैंपल टेस्ट किए गए थे। जिनमें 1430 सीनियर सेकेंडरी स्कूल, 456 हाई स्कूल, 981 मिडिल स्कूल और 3593 प्राइमरी स्कूल हैं।

 

इनमें से 398 पानी के सैंपल जांच में फेल हो गए थे। इनमें 90 सीनियर सेकेंडरी स्कूल, 41 हाई स्कूल, 60 मिडिल स्कूल और 207 प्राइमरी स्कूलों में पीने का दूषित पानी मिला है। बाकी के 7828 सरकारी स्कूलों में पीने के पानी के सैंपल की जांच होना बाकी है। खास बात ये है कि प्राइमरी स्कूलों में पानी के सैंपल अधिक फेल हुए हैं। इनमें 5वीं कक्षा तक में 5 से 9 साल के बच्चे पढ़ते हैं।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा की पहली मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू, श्रद्धालुओं को मिलेगी तुरंत मदद

कैथल में सबसे खराब स्थिति

कैथल में सबसे खराब स्थिति सामने आई है, जहां 594 सरकारी स्कूलों में से 69 स्कूलों के पानी के नमूने दूषित पाए गए। इसके बाद पलवल का नंबर है, जहां 606 स्कूलों में से 56 में पीने का पानी मानकों पर खरा नहीं उतरा। सोनीपत तीसरे स्थान पर है। यहां 709 स्कूलों में से 40 स्कूलों के पानी के नमूने जांच में फेल हुए। इसके अलावा रेवाड़ी के 640 स्कूलों में से 36, जींद के 725 में से 34, पानीपत के 418 में से 28, महेंद्रगढ़ के 726 में से 23 और पंचकूला के 422 में से 20 स्कूलों में पानी दूषित पाया गया।

रोहतक के 406 स्कूलों में से 17, सिरसा के 833 में से 13, हांसी के 277 में से 12 और झज्जर व करनाल के 521 और 778 स्कूलों में से 7-7 स्कूलों के पानी के नमूने जांच में फेल हुए।

यमुनानगर, फतेहाबाद और भिवानी में क्रमशः 920, 620 और 748 स्कूलों में से 6-6 स्कूलों का पानी दूषित मिला। वहीं, नूंह, गुरुग्राम और चरखी दादरी में 903, 573 और 366 स्कूलों में से 5-5 स्कूलों के पानी के नमूने फेल पाए गए। सबसे कम मामले कुरुक्षेत्र, हिसार और अंबाला में सामने आए। कुरुक्षेत्र के 779, हिसार के 592 और अंबाला के 762 स्कूलों में से 1-1 स्कूल का पानी जांच रिपोर्ट में दूषित पाया गया।

 

यह भी पढ़ें: कपालमोचन मेले का आगाज, 500 ड्रोन शो और 16 अमृत फार्मेसियों की सौगात

जनस्वास्थ्य विभाग से संपर्क करेगा विभाग

एलीमेंट्री एजुकेशन डायरेक्टर आईएएस मनीता मलिक ने बताया कि विभाग की तरफ से ही स्कूलों में पानी की टेस्टिंग करवाई गई थी। इसके निदान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में जरूरत अनुसार आरओ भी लगवाए जाएंगे।