संजय सिंह, पटना। नीट छात्रा की मौत के मामले में पुलिस की विफलता को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे राज्य सरकार के किसी मंत्री या उनके पुत्र का हाथ है। सरकार इसी मामले की लीपापोती के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इधर डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है कि राबड़ी देवी जनता को मंत्री या उनके पुत्र का नाम बताएं, वह व्यक्ति 24 घंटे के भीतर जेल में होगा।
राबड़ी देवी का आरोप है कि इस घटना में पुलिस और सरकार का रवैया शुरू से ही संदेहास्पद रहा है। इस घटना में शामिल आरोपियों को सरकार बचाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि अपराध में शामिल लोग सरकार का हिस्सा हैं। अधिकारी भी शुरू से इस मामले की लीपापोती में लगे हैं।
यह भी पढ़ेंः शराब की दुकान पर टूट पड़ीं महिलाएं, तोड़ीं शराब की बोतलें, वायरल हो गया कांड
प्रतिपक्ष के नेता का आरोप
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि मामले पर पर्दा डालने के लिए इसकी जांच सीबीआई से करवाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने जानबूझकर हॉस्टल संचालकों को साक्ष्य मिटाने का मौका दिया। आज बिहार का कोई भी जिला ऐसा नहींं बचा है जहां अपराध की घटनाएं नहीं हो रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति तो ऐसी हो गई है कि महिलाएं अब अपने को सुरक्षित महसूस नहींं करती है। महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सरकार झूठी दलील देकर जनता को गुमराह करना चाहती है।
क्या बोले विजय सिन्हा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वह अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं जंगलराज के युवराज हैं। जंगलराज में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसी थी यह किसी से छिपा नहीं है। जिनके घर महिलाओं का सम्मान नहीं होता है, वह महिलाओं की सुरक्षा पर क्या बात करेंगे।
लालू के राज में महिला की बात तो छोड़िए पुलिस भी घर से नहीं निकल पाती थी। जनता सब जानती है। सरकार अपना काम मुस्तैदी से कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरे प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर रखा है। यहां न तो किसी को फंसाया जाता है और न ही किसी को बचाया जाता है। कानून अपने हिसाब से काम करती है।
यह भी पढ़ेंः गड्ढे में गिरकर युवक मौत, पुलिस से जल बोर्ड तक पर सवाल, नोएडा कांड से क्या सीखा?
सम्राट चौधरी बोले जेल भेजेंगे
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी इस घटना में शामिल मंत्री या उनके पुत्र का नाम जनता के समक्ष रखें। 24 घंटे के भीतर वह व्यक्ति जेल में होगा। सम्राट के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और गर्मा गई है। सरकार विपक्ष को घेरने का कोई मौका देना नहीं चाहती है। विपक्ष की हर गतिविधि पर सरकार या उनके मंत्रियों की नजर है। विपक्ष के हर सवाल का जवाब सरकार के मंत्री मुस्तैदी से दे रहे हैं।
