पंजाब में लू के अलर्ट के बीच सरकार ने स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तरों का समय बदल दिया है। अब स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक खुलेंगे। किसी भी सरकारी दफ्तर में अब लंच ब्रेक नहीं होगा। मुख्यमंत्री भगवंत ने शुक्रवार को यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नए आदेश 25 मई से अगले आदेश तक जारी रहेंगे।

 

सीएम भगवंत मान ने कहा कि यह फैसला आम लोगों की सुविधा की खातिर लिया गया है, ताकि वे इस भीषण गर्मी में सरकारी दफ़्तरों में अपने काम आसानी से करवा सकें। यह फैसला सभी संबंधित पक्षों से उचित सलाह मशविरा करने के बाद लिया गया है।

 

यह भी पढ़ें: 'पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची...' गद्दार कहे जाने पर भड़के हरभजन सिंह

एक बजे के बाद बढ़ती है बिजली की मांग: मान

सीएम भगवंत मान ने यह भी जानकारी दी कि पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के आंकड़ों से पता चलता है कि बिजली की सबसे अधिक मांग दोपहर एक बजे के बाद से होती है। इस कारण दफ्तरों के नए समय से बिजली की खपत कम करने और बिजली के बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें: 'रिजाइन करना ही पड़ेगा', कॉकरोच जनता पार्टी के निशाने पर धर्मेंद्र प्रधान

27 मई तक लू का अलर्ट

सीएम मान ने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों को अपने बच्चों के साथ समय बिताने का अधिक समय मिलेगा। बच्चे भी उसी वक्त घर आएंगे, जब वह भी दफ्तर से घर आएंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को पंजाब में धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट जारी किया था। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 27 मई तक भीषण लू चलने की संभावना जताई थी। शुक्रवार को पंजाब के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।