बिहार के पटना में महाराणा प्रताप की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने राम मंदिर में हुई चोरी और गाजा मामले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर अखिलेश यादव और सोनिया गांधी के बयानों का खुलकर साथ दिया और कहा कि सभी लोग एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।

 

वाघेला ने राम मंदिर से जुड़े चोरी के मामले में अखिलेश यादव के बयान का साथ दिया है। उन्होंने इसे संपत्ति राय एंड कंपनी जैसी बड़ी धोखाधड़ी बताया। वाघेला ने सीधा आरोप लगाया कि बीजेपी, विश्व हिंदू परिषद और संघ के लोगों ने मिलकर मंदिर को जानबूझकर लूटा है। उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने मांग की कि इसकी जांच होनी चाहिए कि मंदिर निर्माण में आए चंदे का पैसा आखिर कहां गया।

 

यह भी पढ़ें: त्विषा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह के घर चोरी, सायरन सुनते ही सामान छोड़ भागे चोर

गाजा पर प्रधानमंत्री की चुप्पी

गाजा में हो रही हत्याओं पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर सोनिया गांधी ने जो सवाल उठाए थे, वाघेला ने उनका भी पूरा समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सबकी मिलीभगत साफ नजर आती है। जब पूरी दुनिया में इंसानियत पर हमले हो रहे है तब हमारे प्रधानमंत्री खामोश हैं। इससे लगता है कि सभी लोग एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। वाघेला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए लेकिन सरकार चुप बैठी है। 

राहुल गांधी को दी सलाह

राहुल गांधी के विपक्ष के नेता के रूप में दो साल पूरे होने पर शंकर सिंह वाघेला ने उन्हें सलाह दी। उन्होंने कहा कि राहुल को जनता के मुद्दों के लिए लगातार लड़ते रहना चाहिए। राहुल गांधी सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल को इसी तरह महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखना होगा। उन्होंने माना कि विपक्ष की भूमिका निभाना आसान नहीं है लेकिन राहुल गांधी डटे हुए हैं।

 

उन्होंने राहुल को सलाह दी कि जनता के सवालों पर लड़ाई जारी रखें, क्योंकि विपक्ष मजबूत होगा तभी लोकतंत्र बचेगा। मंच से उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी अन्याय के आगे सिर नहीं झुकाया था। उन्होंने कहा कि आज के समय में भी हमें उसी जज्बे की जरूरत है। हमें सत्ता के सामने सच बोलना होगा और जो गलत है उसे गलत कहना होगा।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कार रिवर्स करते समय भीषण हादसा, 4 लोगों की मौत

बयानों से गरमाई राजनीति

वाघेला के इन बयानों के बाद बिहार की राजनीति में काफी हलचल मच गई है। बीजेपी के नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा है कि वाघेला सिर्फ खबरों में बने रहने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। वहीं, कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने कहा कि वाघेला ने वही बात कही है जो आज देश की आम जनता महसूस कर रही है। बीजेपी के मुख्य वैचारिक संगठन 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ' (RSS) और मंदिर से जुड़े धार्मिक संगठन 'विश्व हिंदू परिषद' (VHP) की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आई है।