बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। देर रात हुए मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में हुए इस छड़प में पुलिस की गोली लगने के बाद तीनों बदमाश घायल हो गए। उनके पास से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस से भरा एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया है। घायलों की पहचान सुनील कुशवाहा, मणि कुमार और इंदल कुमार के रूप में हुई है। सुनील कुशवाहा दिनेश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी है।

 

रात के करीब 12 बजे डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट को इनपुट मिला था। खबर यह थी कि सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने जांच की टीम गठित की और रीगा-परसौनी रोड पर पेट्रोलिंग शुरू कर दी। इस दौरान रेवासी-भवानीपुर बॉर्डर के पास तीन संदिग्ध दिखे। वह पुलिस वाहन देखने पर भागने लगे। सड़क पर कंकड़ होने के कारण उनकी बाइक फिसल गई। बाइक गिरते ही तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों घायल हो गए।

घायल बदमाश सदर अस्पताल में भर्ती

बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जिसमें तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे वहीं गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत तीनों को कब्जे में ले लिया। साथ ही उनकी बाइक को भी जब्त कर लिया। घायल अवस्था में ही तीनों को पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें: छपरा में नगर आयुक्त को 10 हजार की रिश्वत देने पहुंचा टैक्स कलेक्टर गिरफ्तार

 

घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरी जानकारी ली। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और खोखे तथा अन्य साक्ष्य जुटाए गए। अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि आरोपी भाग न सकें।

बड़ी वारदात के फिराक में था सुनील कुशवाहा 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुनील कुशवाहा दिनेश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपित है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं उसके साथी मणि कुमार और इंदल कुमार भी कुख्यात अपराधी हैं। दोनों पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को इन तीनों की लंबे समय से तलाश थी।

 

यह भी पढ़ें: 'बुला मोदी को...', नारेबाजी कर रहे कश्मीरी को राहुल गांधी समर्थकों ने पीटा

 

बताया जा रहा है कि दिनेश यादव की हत्या के बाद सुनील कुशवाहा नेपाल भाग गया था। वहीं से अपने गैंग को ऑपरेट कर रहा था। वह हाल में ही सीतामढ़ी लौटा था और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था। डीआईयू को इसकी भनक लग गई और पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।