उत्तर प्रदेश के महोबा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। नशे के लिए रुपये नहीं देने पर बेटे ने मां की कुल्हाड़ी से कई प्रहार कर हत्या कर दी। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रावतपुरा खुर्द गांव में 28 वर्षीय युवक ने नशे के लिए मां से 60 रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से 51 वर्षीय मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक शव के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रावतपुरा खुर्द निवासी मूला देवी अपने पति सबल सिंह और छोटे बेटे मोहन यादव के साथ रहती थीं। परिवार के मुताबिक, मोहन नशे का आदी था और आए दिन अपनी मां से नशे के लिए रुपये मांगता था। नशे को लेकर घर में अक्सर विवाद भी होता था।बुधवार को भी मोहन ने अपनी मां से गांजा खरीदने के लिए 60 रुपये मांगे। मां ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में मोहन ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली।
यह भी पढ़ें: कासगंज में युवती की गला रेतकर हत्या, नलकूप की छत पर नग्न हालत में मिला शव
सिर और गर्दन पर किए कई वार
आरोप है कि मोहन ने मां के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई वार कर दिए। पुलिस के मुताबिक, महिला पर पांच से अधिक वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय घर में मां-बेटे के अलावा कोई और मौजूद नहीं था।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं। वह करीब दो घंटे तक अपनी मां के शव के पास ही बैठा रहा।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बड़ा बेटा सोहन यादव अपनी पत्नी की डिलीवरी के सिलसिले में घर पहुंचा। घर के अंदर मां का खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सोहन ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई नशे का आदी था और अक्सर मां से रुपये मांगता था।
यह भी पढ़ें: यूपी को मिली एक और एक्सप्रेस-वे की सौगात, 150KM लंबाई; जुड़ेंगे ये जिले
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पु लिस ने आरोपी मोहन यादव को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। पुलिस आरोपी बेटे से पूछताछ कर रही है कि हत्या करने के वह मौके से क्यों नहीं भागा। इसके बारे में भी पुलिस जानने का प्रयास कर रही है।
