उत्तर प्रदेश के बलिया में एक 14 साल के छात्र ने आरोप लगाया है कि उनके टीचर ने यौन उत्पीड़न की कोशिश की थी। पीड़त छात्र ने दावा किया कि आरोपी टीचर ने उन्हें अपने घर बुलाया जिसके बाद अपने कमरे का गेट बंद करके दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। छात्र के आरोपों के आधार पर पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उसे सस्पेंड भी कर दिया या है।
यह मामला उत्तर प्रदेश के बलिया का है, जहां सरकारी स्कूल में पढ़ाते हैं। पीड़ित छात्र के मुताबिक 5 जुलाई को टीचर ने उनके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी टीचर का नाम गुलाम मुस्तफा उर्फ पप्पू है। पुलिस ने आरोपी मुस्तफा के खिलाफ पॅाक्सो ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर की किताबों में देश विरोधी बातें? विपक्ष भड़का, हंगामे की वजह समझिए
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित छात्र ने बताया कि 5 जुलाई को आरोपी शिक्षक गुलाम मुस्तफा ने उसे स्कूल के किसी काम के बहाने अपने घर बुलाया था। जब छात्र उसके घर पहुंचा, तो मुस्तफा ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। इस घटना से छात्र बुरी तरह डर गया। घर लौटने के बाद उसने हिम्मत जुटाई और अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई।
बेटे के साथ हुई इस करतूत को सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को ही आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में रात के अंधेरे में हुआ एनकाउंटर, दीपक नांदल गैंग के 4 आरोपी मारे गए
बढ़ते विरोध के बाद शिक्षक सस्पेंड
इस शर्मनाक घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोपी शिक्षक के खिलाफ लोगों ने विरोध किया। जनता के बढ़ते गुस्से और मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने शुक्रवार को आरोपी शिक्षक गुलाम मुस्तफा को नौकरी से सस्पेंड कर दिया।
इस पूरे मामले पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) मनीष सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, उसे निलंबित कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। पीड़ित छात्र नाबालिग है, इसलिए आरोपी पर पॉक्सो ऐक्ट लगाया गया है। अगर आरोपी पर लगे आरोप सही साबित होते हैं, तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलना तय है।
