जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व सहयोगी आकाश यादव और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी और अपने पिता लालू प्रसाद की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। तेज प्रताप ने शुक्रवार को सचिवालय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप ने पटना में कहा, 'मेरी शिकायत के आधार पर आकाश यादव, उसकी बहन अनुष्का यादव और छह अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वे मेरी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे पिता लालू प्रसाद अस्वस्थ हैं। ये लोग मेरी और मेरे पिता की हत्या की साजिश रच रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के परभणी में मंदिर की छत गिरी, 5 की मौत; 25 को बचाया गया
सीएम से सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। शिकायत में नामजद लोगों में अनुष्का यादव भी शामिल हैं। तेज प्रताप ने अपनी शादीशुदा स्थिति के बावजूद अनुष्का के साथ संबंध होने का दावा किया था। इस घटनाक्रम के बाद तेज प्रताप के पिता लालू प्रसाद ने उन्हें राष्ट्रीय जनता दल से निष्कासित कर दिया था।
किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा
पूर्व मंत्री तेज प्रताप ने हालांकि बाद में अपने दावे को वापस लेते हुए कहा था कि उनके सोशल मीडिया हैडल के ‘हैक’ हो जाने की वजह से भ्रम की स्थिति पैदा हुई। तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि कथित खतरा किसी व्यापक राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकता है।
मेरी हत्या करवाना चाहता हो...
उन्होंने आरोप लगाया, 'संभव है कि आकाश यादव विपक्ष के साथ मिलकर मेरी हत्या करवाना चाहता हो।' तेज प्रताप द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने से पहले आकाश यादव ने भी पटना के पाटलिपुत्र थाने में जेजेडी प्रमुख के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आकाश यादव का आरोप है कि तेज प्रताप ने अपने एक सहयोगी के साथ आकाश के घर में जबरन घुसने करने की कोशिश की थी और वे उनके परिवार के सदस्यों से मिलना चाहते थे।
यह भी पढ़ें: NEET परीक्षा से पहले एक और छात्र की मौत, गाजियाबाद में जतिन ने की खुदकुशी
आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया
जेजेडी प्रमुख ने इन आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। आकाश यादव ने दावा किया कि उन्हें अमेरिका के एक नंबर से फोन आया था। फोन कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जेल में बंद एक गैंगस्टर से जुड़ा बताया था। पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है। बता दें कि तेज प्रताप को पिछले साल 25 मई को आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था।
यह कार्रवाई उनके उस सोशल मीडिया पोस्ट के एक दिन बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अनुष्का के साथ रिश्ते में होने की बात स्वीकार की थी। हालांकि बाद में उन्होंने वह पोस्ट हटा दी और दावा किया कि उनका सोशल मीडिया पेज हैक हो गया था। लालू प्रसाद ने भी तेज प्रताप के ‘गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार’ के कारण उनसे सार्वजनिक रूप से दूरी बना ली थी।


