तेलंगाना में छात्रों की फीस रिइंबर्समेंट का मुद्दा अब राजनीतिक तौर पर काफी गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी भी इस मुद्दे को लगातार उठा रही है और अब बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र की चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है क्योंकि यह पत्र इटैलियन भाषा में लिखा गया है। एन. रामचंदर राव का कहना है कि बीजेपी पिछले 10 दिनों से छात्रों की फीस रिइंबर्समेंट के लिए आंदोलन कर रही है और इस दौरान उन्हें चार बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं के घायल होने और अस्पताल में भर्ती होने का दावा भी किया। उनका आरोप है कि इसके बावजूद राज्य सरकार छात्रों की समस्या को लेकर गंभीर नहीं है और फीस रिइंबर्समेंट नहीं मिलने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
यह भी पढ़ें: सचिन पायलट ने आते ही खत्म कर दी पंजाब कांग्रेस की कलह? चन्नी-रंधावा से मिले
इटैलियन में क्यों लिखी चिट्ठी?
रामचंदर राव ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को पहले भी अंग्रेजी में चिट्ठियां लिखी थीं, लेकिन शायद राहुल गांधी उनकी बात समझ नहीं पाए। इसलिए इस बार उन्होंने राहुल गांधी की अपनी मातृभाषा इटैलियन में चिट्ठी लिखी है। गौरतलब है कि राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी का जन्म इटली में हुआ था और वह मूल रूप से इटली की हैं। इसलिए राहुल गांधी को इटैलियन में लेटर लिखकर रामचंदर राव ने उन पर तंज भी कसा है।
इस पत्र को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'बार-बार भूख हड़ताल, छात्रों पर लाठीचार्ज, गिरफ्तारी और मुख्यमंत्री को पत्र भेजे जाने के बाद भी तेलंगाना के छात्रों की गूंज न तो राहुल गांधी तक पहुंची और न ही उनकी सरकार तक। इसलिए राहुल गांधी को उनकी मातृभाषा में पत्र लिखने का फैसला किया।' उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री को फीस रिइंबर्समेंट का पैसा जारी करने की सलाह दें। उनका कहना है कि कांग्रेस ने चुनाव के समय छात्रों की फीस रिइंबर्समेंट को लेकर वादा किया था।
फीस रिइंबर्समेंट का मुद्दा क्या है?
रामचंदर राव ने कहा कि राज्य में लगभग 40 लाख छात्रों के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये का फीस रिइम्बर्समेंट बकाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पिछली BRS सरकार के कार्यकाल में बकाया राशि लगभग 5000 करोड़ था, वहीं मौजूदा कांग्रेस सरकार में यह आंकड़ा बढ़कर 15,000 करोड़ हो गया है।
रामचंद्र राव ने कहा कि छात्रों की मौजूदा समस्या के लिए मौजूदा कांग्रेस सरकार और पूर्ववर्ती सरकार दोनों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि जब 8 लाख छात्रों के हस्ताक्षरों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग की गई, तो छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं को अपॉइंटमेंट देने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया, वे घायल हुए और उन्हें जेल में डाल दिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार के जमुई में स्कूल वैन में रखी बैटरी में ब्लास्ट, 6 बच्चे झुलसे
अपनी गिरफ्तारी पर क्या बोले?
रामचंदर राव ने कहा कि बीजेपी पिछले 10 दिनों से फीस रिइंबर्समेंट के मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उन्हें चार बार गिरफ्तार किया गया। 4 सितंबर को भी उन्हें सचिवालय की ओर मार्च करने के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था। उस समय बीजेपी और BJYM कार्यकर्ता छात्रों की फीस का बकाया जारी करने की मांग कर रहे थे। 7 सितंबर को भी फीस रिइंबर्समेंट के मुद्दे पर बीजेपी के विधानसभा घेराव के दौरान रामचंदर राव को हिरासत में लिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई में कई बीजेपी कार्यकर्ता घायल हुए।
अब रामचंदर राव ने राहुल गांधी से कहा कि वह देशभर में घूमकर छात्रों के मुद्दे उठाने के बजाय पहले तेलंगाना के छात्रों की समस्या पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने मुख्यमंत्री को सलाह दें कि छात्रों की फीस रिइंबर्समेंट की बकाया रकम जारी की जाए। उन्होंने इटैलियन भाषा में पत्र लिखकर राहुल गांधी पर तंज कसा है।
