गोवा में घूमने जाने वाले टूरिस्ट किराए पर कार लेते हैं, जिस पर गोवा सरकार रोक लगा सकती है। गोवा में पिछले कुछ समय में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, किराए पर लिए गए कार, खासकर थार के वजह से सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इन्हीं दुर्घटनाओं की वजह से गोवा के ट्रांसपोर्ट मंत्री मौविन गोडिन्हो ने किराये पर थार देने पर रोक लगाने के संकेत दिए हैं। अभी तक रेंटल थार पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। इस फैसले को लेकर अभी विचार किया जा रहा है।


गोवा में सड़क हादसों को लेकर गोवा के ट्रांसपोर्ट मंत्री मौविन गोडिन्हो ने सोमवार को बैठक की थी। इस बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि सड़क हादसों को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद रेंटल कार पर पाबंदी लगाने का मुद्दा भी उठा। इसके बाद मौविन ने थार कार पर पाबंदी लगाने की बात कही। अब सवाल उठता है कि आखिर थार कार पर ही रोक क्यों लगाई जाएगी?

 

यह भी पढ़ें: फर्जी दारोगा बनकर ट्रेनों में करता था चोरी, पटना जंक्शन से शातिर आरोपी गिरफ्तार

थार पर क्यों लगाई जाएगी रोक?

थार कार पर पाबंदी लगाने को लेकर मौविन गोडिन्हो ने कहा, 'हम जल्द ही थार को किराये पर देने पर रोक लगा सकते हैं, जिसको लेकर अगली बैठक में फिर से चर्चा की जाएगी।' इसके आगे उन्होंने कहा कि अगली बैठक में स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी फैसला लेगी कि थार पर रोक लगानी चाहिए या नहीं। इसके साथ ही मौविन ने बताया कि थार की स्पीड काफी ज्यादा होती है और इस गाड़ी को कंट्रोल करना भी आसान नहीं होता। इसी वजह से किराये पर थार देने पर रोक लगाने पर विचार किया जा रहा है।


थार की वजह से हुए सड़क हादसे

गोवा में पिछले कई महीनों में थार गाड़ी की वजह से कई सड़क हादसे हुए हैं। इसी साल फरवरी में एक टूरिस्ट ने किराये की थार से दूसरी कार को टक्कर मार दी थी, जिससे 65 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। उस दौरान आरोपी तेज रफ्तार में कार चला रहा था, जिस वजह से यह हादसा हुआ।

 

यह भी पढ़ें: बंदूक की नोक पर भाई-बहन को बनाया बंधक, महिला के साथ गैंगरेप, FIR हुआ दर्ज


इसके बाद मई में एक टूरिस्ट ने किराये की थार से दूसरी गाड़ी को टक्कर मार दी थी, जिससे 32 साल के एक शख्स की मौत हो गई। इस दुर्घटना की जांच में पता चला कि आरोपी ड्राइवर नशे में था, जिस वजह से यह कार हादसा हुआ।

आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई

मौविन गोडिन्हो ने बताया कि अब से गोवा में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके तहत जो आरोपी शराब के नशे में एक्सीडेंट करेगा, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।