मध्य प्रदेश के गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य की गिनती बयानवीरों में होती है। मंगलवार को उन्होंने न केवल माता सीता पर विवादित बयान दिया, बल्कि यह भी कहा कि रामायण और महाभारत के युद्ध में एक भी महिला की मौत नहीं हुई। मौत हुई है तो सिर्फ पुरुषों की हुई। उन्होंने अपने भाषण में पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता के प्रसंग का भी जिक्र किया।
गुना में मंगलवार को राज्यस्तरीय बलराम महोत्सव का आयोजन चल रहा था। इसी मंच से विधायक पन्नलाल शाक्य ने माता सीता को 'मौत का सामान' बता डाला। कहा कि रामायण और महाभारत में किसी भी महिला की मौत नहीं हुई। करोड़ों पुरुषों की जान गई। पन्नालाल शाक्य के बयान पर बीजेपी की महिला विधायक प्रियंका पेंची ने आपत्ति जताई। लेकिन पन्नालाल शाक्य नहीं रुके और कहा कि आप बैठ जाइये। आपको कुछ नहीं पता है। चौतरफा घिरने और विवाद बढ़ने के बाद विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि उनके बयान को तोड़मरोड़ के पेश किया गया।
यह भी पढ़ें: विजय सरकार का यू-टर्न, CJP प्रदर्शन से छात्रों को रोकने का फरमान मिनटों में वापस
विधायक ने अपने बयान में क्या कहा?
अपने भाषण में विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा, 'रामायण काल में रावण को बहुतों ने समझाया। उसके भाई को समझाया कि भइया कहे को तुम पराई स्त्री को ले आए हो, यह तो मौत का सामान है। इसे ससम्मान भेज दो।'
'मरे तो सिर्फ आदमी मरे'
उन्होंने आगे कहा, 'आप देखोगे कि उस युद्ध-लड़ाई में महिलाएं कोई नहीं मरीं। मरे तो आदमी मरे सब। यह विडंबना हमको समझनी पड़ेगी कि नहीं। ऐसे महाभारत में हुआ, एक करोड़ आदमी मारे गए एक पंचाली के पीछे। महिलाएं कोई नहीं मरीं। मरे तो आदमी मरे। यह हमें समझना चाहिए कि नहीं भाई।'
विधायक ने अपने बयान में पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता का प्रसंग भी छेड़ा। उन्होंने कहा, 'अगला दौर आता है। पृथ्वीराज चौहान ने एक संयोगिता के पीछे अपने खुद के 55 सामंतों को कन्नौज से दिल्ली तक मरवा दिया। आज तक हम उसको भोग रहे हैं।'
हालांकि उनके बयान पर चांचौड़ा से विधायक प्रियंका पेंची ने आपत्ति जताई और कहा कि हम भी एक महिला है। जवाब में विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि आपको कुछ नहीं पता है। अब सोशल मीडिया पर विधायक का विवादित बयान वायरल है।
यह भी पढ़ें: पटना में RJD का बड़ा विरोध प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए तेजस्वी यादव
कौन हैं पन्नालाल शाक्य?
पन्ना लाल शाक्य मध्य प्रदेश की गुना विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक हैं। पहली बार साल 2013 में विधानसभा चुनाव जीता। 10 साल बाद 2023 में दोबारा टिकट मिला तो कांग्रेस प्रत्याशी पंकज कनेरिया को शिकस्त दी। पन्नालाल शाक्य बीजेपी के अलावा संघ से भी जुड़े रहे। हालांकि पन्नालाल शाक्य विधायक होने के बावजूद बेहद सामान्य जीवन जीते हैं। 2023 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास 61 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति है। 3 लाख रुपये से ज्यादा का कर्ज है। साल 1983 में ग्वालियर की जीवाजी विश्वविद्यालय से एलएलबी में स्नातक किया।
पन्नालाल शाक्य के चर्चित बयान
- पिछले साल सितंबर में पन्नालाल शाक्य ने अपने एक बयान में कहा था कि देश को गृह युद्ध का सामाना करना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया था कि भारत में भी बांग्लादेश की तरह स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा था कि इसलिए देश में 18 से 30 वर्ष की आयु के सभी युवाओं को अनिवार्य सैन्य प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
- 25 मार्च 2018 को गुना में एक सरकारी कॉलेज के कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य ने लड़कियों से ब्वॉयफ्रेंड न बनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि यह एक पश्चिम संस्कृति है। विधायक ने कहा था, 'अगर लड़कियां बॉयफ्रेंड बनाना बंद कर दें तो उनके खिलाफ होने वाले अत्याचार भी रुक जाएंगे।'
- विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने इटली में अपनी शादी की थी। यह बात भी विधायक को पंसद नहीं आई थी। दिसंबर 2017 में उन्होंने विराट की देशभक्ति पर सवाल भी उठा दिया था।
- विधायक 'दिल दिया है, जान भी देंगे... ऐ वतन तेरे लिए', जैसे गीतों पर बैन लगाने की मांग भी कर चुके हैं। विधायक ने कहा था कि जान इतनी सस्ती नहीं है। हम जान देने की जगह वतन के लिए जान ले लेंगे।
