तमिलनाडु में अब स्कूलों, बस स्टैंड और मंदिरों के पास मौजूद शराब की दुकानें बंद होंगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री विजय सी जोसेफ ने आदेश जारी किया है कि मंदिर, शैक्षणिक संस्थान और बस स्टेशन के पास 500 मीटर के दायरे में शराब की दुकानें बंद की जाएंगी। विजय के फैसले के बाद, 717 शराब की दुकानें बंद हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने अपने आदेश में कहा है कि उनके इस फैसले को 2 सप्ताह के भीतर लागू किया जाए। उन्होंने कहा है कि यह फैसला, लोगों के हितों के अनुकूल है। तमिलनाडु में करीब 4,765 शराब की दुकानें हैं। इन दुकानों का प्रबंधन, तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) संभालता है।
यह भी पढ़ें: कल तमिलनाडु की मंत्री बनीं, आज विधायक की शपथ क्यों नहीं ले पाईं एस कीर्तना?
मंदिर, स्कूल और बस स्टेशन के पास की दुकानें बंद होंगी
आदेश में कहा गया है, 'तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन की ओर से 4,765 शराब की खुदरा दुकानें संचालित की जा रही हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उन दुकानों की पहचान करने के लिए एक ऑडिट का आदेश दिया है, जो पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टेशनों के 500 मीटर के दायरे में आती हैं।'
कितनी दुकानें ऐसी हैं?
हिदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु में करीब 717 दुकानें ऐसी हैं, जो किसी स्कूल, बस स्टेशन या मंदिर के आपसास हैं। अब सीएम विजय के इस आदेश के बाद, दुकानों के बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। मंदिरों के पास 276 शराब की दुकानें हैं, स्कूलों के पास 276 और बस स्टेशन के करीब 255 शराब की दुकानें हैं। अब इन दुकानों को हटाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'मैं सी विजय जोसेफ...', तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने विजय, TVK युग की शुरुआत
यह फैसला लिया क्यों गया है?
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने अपनी रिपोर्ट 'क्राइम इन इंडिया 2024' में दावा किया है कि तमिलनाडु भी नशे की जद में आ रहा है। नशीले पदार्थों और शराब से जुड़े कुल 11,037 मामले दर्ज किए गए थे। तमिलनाडु में बढ़ते नशे पर कई रिपोर्ट में चिंता जताई गई थी। विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तत्काल बाद एलान किया था कि वह तमिलनाडु को नशा मुक्त राज्य बनाएंगे। उन्होंने अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी यह वादा किया था।
