संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) प्रीलिम्स की परीक्षा होने के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सुसाइड का एक केस सामने आया है। पेपर खराब होने के बाद एक युवक ने नदी में कूदकर जान दे दी। नदी में कूदने से पहले इस युवक ने एक लाश के पैर छुए और छूकर बोला कि मैं भी आ रहा हूं। युवक की मां वाइस प्रिंसिपल हैं और परिवार का कहना है कि उनका लड़का IIM बोधगया से पासआउट था। UPSC के लिए उसने नौकरी छोड़ दी थी और तैयारी में जुट गया था।
मामला लखनऊ के आलमबाग के जय प्रकाश नगर निवासी सुष्मलता के बेटे प्रखर पाल की मौत का है। प्रखर ने बीते रविवार को UPSC प्रीलिम्स की परीक्षा दी थी। उसका सेंटर बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज में पड़ा था। पेपर खराब होने की जानकारी प्रखर ने मां को दी थी। मां सुष्मलता ने उसको समझाया और फिर से तैयारी करने की प्रेरणा दी लेकिन प्रखर मानसिक रूप से परेशान था। सोमवार की सुबह 8 बजे प्रखर स्कूटी से घर से निकला।
प्रखर ने हुसैनाबाद इंटर कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में स्कूटी खड़ी और वहां कपड़े उतारकर रखे। इसके बाद वह पक्के पुल तक पैदल गया और नदी में कूद गया। पास में खड़े लोगोें ने प्रखर को कूदते देखा तो शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों व एसडीआरएफ ने प्रखर की तलाश शुरू की। पांच घंटे बाद प्रखर का शव नदी से निकाला गया।
यह भी पढ़ें: पापा ने ट्रेन पर बिठाया, दोस्त घर ले गए और 3 दिन किया DU की स्टूडेंट का रेप
मां के लिए प्रखर ने छोड़ दी थी नौकरी
रिश्तेदार प्रदीप ने बताया कि प्रखर ने बिहार के बोधगया स्थित आईआईएम से पढ़ाई की थी। इसके बाद वह पुणे में नौकरी करने लगा। प्रखर की मां सुष्मलता हुसैनाबाद इंटर कालेज में वाइस प्रिंसपल हैं। प्रखर के पिता गोपाल पाल सूचना विभाग प्रशासनिक अधिकारी थे। कोविड में उनकी मौत हो गई। मां सुष्मलता के अकेले होने के कारण प्रखर ने नौकरी छोड़ दी और मां के पास आकर यूपीएससी की तैयारी करने लगा। प्रखर की एक छोटी बहन प्रगति पाल है।
यह भी पढ़ें: नौकरी का झांसा दिया, बंधक बनाकर कराया गैंगरेप, धर्मपरिवर्तन रैकेट का भंडाफोड़
माना जा रहा है कि प्रखर आत्महत्या करने के इरादे से ही घर से निकला था। उसने पोस्टमॉर्टम हाउस में स्कूटी खड़ी की। उसी दौरान कुछ लोग पोस्टमॉर्टम हाउस से एक शव को लेकर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो प्रखर ने हाथ जोड़कर शव को प्रणाम किया और बोला- अभी मैं भी आ रहा हूं। इसके बाद कपड़े उतारकर पक्के पुल की ओर चला गया। इंस्पेक्टर चैक नागेश उपाध्याय ने बताया कि पेपर खराब होने के कारण प्रखर ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
