हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। महिला बाइकर सिया का आरोप है कि एक कार पहले उनका पीछा कर रही थी और बार-बार उनके पास आ रही थी। उन्होंने कार सवार को दूर रहने के लिए कहा लेकिन कुछ देर बाद कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिया सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना का वीडियो उनकी बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
सिया के मुताबिक, यह घटना गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई। सिया अपनी बाइक से जा रही थीं और उनके साथ एक दोस्त भी दूसरी बाइक पर था। इसी दौरान एक कार उनका पीझा करने लगी। सिया ने बताया कि कार कभी आगे तो कभी उनके काफी पास आ रही थी। सिया का कहना है कि इसके बाद कार सवार ने उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा लेकिन वह रुकना नहीं चाहती थीं। सिया को डर था कि अगर उन्होंने बाइक रोक दी तो कार सवार उनका रास्ता रोक सकता है। इसी दौरान कार उनके पास आई और बगल से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिया बाइक से गिरकर सड़क पर जा गिरीं और बाइक कुछ दूर तक घिसटती चली गई।
यह भी पढ़ें: सांपों को बचाने वाले मनीष पाटिल की सांप ने डसा, मौत हो गई
कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो
सिया ने बताया कि वह अप्रिलिया आरएस 457 बाइक चला रही थीं। उनके मुताबिक, कार काफी देर से उनके पीछे चल रही थी। सिया ने कई बार कार को अपने से दूर रहने के लिए कहा था। सिया का आरोप है कि कार में बैठे लोग ठीक तरह से व्यवहार नहीं कर रहे थे और उन्हें ऐसा लग रहा था कि वे नशे में हो सकते हैं। घटना के बाद सिया के दोस्त ने कार का पीछा करने की कोशिश की। आगे एक ट्रैफिक सिग्नल पर कार रुकी तो उनके दोस्त ने कार सवार से बात करने की कोशिश की। सिया ने मुताबिक, कार चालक ने टक्कर की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और वहां से भी निकल गया।
सिया ने बताया कि उनकी बाइक में कैमरा लगा हुआ था जिससे पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में टक्कर के बाद उनके सड़क पर गिरने और बाइक के कुछ दूर तक घिसटने का दृश्य दिखाई देता है। सिया ने इसी वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया जिसके बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा में आ गया।
इस बीच हादसे में शामिल कार के मालिक मनीष का बयान भी सामने आया है। उन्होंने एएनआई से बातचीत में बताया कि कार उनकी है लेकिन हादसे के समय वह खुद कार में नहीं थे। मनीष के मुताबिक, उनके एक दोस्त कल्याण सिंह ने उनसे कार मांगी थी। वह दो दिन पहले कार लेकर गया था। मनीष ने कहा कि उन्हें हादसे की जानकारी आज सुबह मिली है। इसके बाद उन्होंने कल्याण को फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। मनीष ने अपने पिता और कुछ दूसरे लोगों को भी कल्याण के घर भेजा। मनीष ने बताया कि कल्याण हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है। उन्होंने यह भी बताया कि वह सेना में काम करते हैं
यह भी पढ़ें: कानपुर में जुड़वां भाइयों का फर्जीवाड़ा, एक की जगह दूसरा देने पहुंचा टेस्ट
पुलिस ने खुद दर्ज किया केस
सिया ने वीडियो के जरिए गुरुग्राम पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर इस तरह किसी को टक्कर मारना बेहद खतरनाक है। उन्होंने बताया कि उनके पास कार का नंबर और उसके मालिक से जुड़ी जानकारी भी है।
वहीं गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि अभी तक सिया की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि वायरल वीडियो को देखते हुए पुलिस ने खुद इस मामले पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मामले में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
