राजस्थान के बालोतरा जिले में एक अजब-गजब मामला सामने आया है, जहां एक किसान की भूलने की समस्या की वजह से 5 लाख रुपये को दीमक लग गई। दीमक लगने की वजह से 500 के नोट कागज के टुकड़ों में बदल गए। एक किसान ने पिछले साल अपना एक प्लॉट बेचा था, जिसके बदले में उन्हें 5 लाख रुपये मिले थे। इन्हीं रुपयों को चोरी और फिजूलखर्ची से बचाने के लिए उन्होंने जमीन में गाड़ दिए। इसके बाद दुर्भाग्य से किसान भूल गए कि उन्होंने रुपये कहां रखे हैं। लगभग एक साल बाद उन्हें याद आया। जब जमीन में दबे नोट निकाले तो उनके हाथ नोटों के बजाय नोटों के टुकड़े मिले।

 

यह मामला पचपदरा थाना क्षेत्र के नेवाई गांव का है। गांव में रहने वाले किसान मांगीलाल मेघवाल ने रुपये जमीन में दबाकर रखे थे। साथ ही यह बात अपनी पत्नी और बेटे तक को नहीं बताई थी। जानकारी के मुताबिक, मांगीलाल ने अपने 10 बीघा के खेत में 5 लाख रुपये के नोट गाड़ दिए थे, जिसे ढूंढना उनके लिए बेहद मुश्किल रहा।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में शख्स ने खींची फोटो, लड़की ने लगाई क्लास, वीडियो हुआ वायरल

10 बीघा खेत में ढूंढता रहा रुपये

 

मांगीलाल को नशा करने की बुरी आदत थी, जिस वजह से वह अपने जीवन की कई चीजें भूल जाते थे। कुछ दिन पहले पक्का कमरा बनवाने की जरूरत पड़ी तो उन्हें याद आया कि खेत में उन्होंने 5 लाख रुपये रखे थे। इसके बाद वह 10 बीघा की जमीन में दबे हुए नोट खोजने लगे।

 

जब मांगीलाल ने अपने परिवार को बताया तो किसी को इस बात पर यकीन नहीं हुआ। हालांकि, बाद में मांगीलाल के बेटे और पूरे परिवार ने मिलकर रुपये ढूंढना शुरू किया, जिसके बाद परिवार को जमीन के नीचे दबे हुए 500-500 के नोट मिले। नोटों को देखने के बाद पूरा परिवार हैरान रह गया।

 

यह भी पढ़ें: कल्याण में आवारा कुत्ते का आतंक, 7 घंटे में 125 से ज्यादा लोगों को काटा

नोटों में लगी दीमक

 

लगभग एक साल तक नोटों की गड्डी जमीन के अंदर थी, जिस वजह से नोटों में दीमक लग गई। दीमक ने नोटों को टुकड़ों में बदल दिया। यह देखने के बाद मांगीलाल ने उम्मीद नहीं छोड़ी और नोटों को लेकर SBI बैंक ले गए। बैंक के कर्मचारियों ने कटे-फटे नोट देखकर नोट लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पूरा परिवार गम में डूब गया। इस मामले में किसान का आर्थिक नुकसान नहीं हुआ, बल्कि उनके पूरे जीवन की कमाई बर्बाद हो गई।