बिहार के जमुई में नाबालिग के साथ कुछ मनचलों ने छेड़छाड़ की। दिल्ली में एक गैंरेप हुआ और कई अन्य घटनाएं भी हुईं। इन घटनाओं ने के बाद पूरे देश में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। इसी सिलसिले में ऐक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने लड़कियों को खास सलाह दी। खुशबू ने एक इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए लड़कियों को बंदूक खरीदने की सलाह दी। खुशबू ने वीडियो में एयर पिस्टल दिखाई, जो ग्लॉक 17 जेन 4 मॉडल की कॉपी है। इसके साथ ही खुशबू ने बताया कि लड़कियां पेपर स्प्रे की जगह पिस्टल अपने साथ रख सकती हैं। आर्मी की मेजर रहीं खुशबू ने बताया कि ऐसी पिस्टल खरीदने के लिए लाइसेंस लेने की जरूरत भी नहीं है।
खुशबू पाटनी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने बंदूक दिखाई थी। उन्होंने बताया कि यह पिस्टल लड़कियों की सुरक्षा के लिए बेहद शानदार है, जो पूरी तरह से बंदूक जैसी दिखती है, असली बंदूक की तुलना में कम पावर की होती है। इस बंदूक से बारूद वाली गोलियां नहीं निकलती हैं, बल्कि यह कंप्रेस्ड हवा, CO2 या दूसरी गैस की मदद से छर्रों को आगे बढ़ाती है। जानकारी के लिए बता दें कि खुशबू पाटनी पहले आर्मी में मेजर थीं। सेना छोड़ने के बाद वह फिटनेस कोच के तौर पर काम करती हैं।
यह भी पढ़ें: 16 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर निधि ने की सुसाइड, मौत से पहले क्या पोस्ट किया?
क्या बोलीं खुशबू?
वायरल वीडियो में खुशबू ने कहा, 'लड़कियों, यह ग्लॉक की कॉपी है। CO2 है। इसके लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं पड़ती है। बस आपको शूटिंग की प्रैक्टिस करनी पड़ेगी। आप चलाना सीखें और यह ज्यादा भारी भी नहीं है। मतलब, मुझे तो डेढ़ किलो का लग रहा है।'
इसके बाद खुशबू ने कहा, 'इस बंदूक में बेसिकली गोलियां नहीं आतीं, बल्कि छर्रे आते हैं। यह छर्रे बहुत स्पीड में निकलते हैं। तो आप इसे अपनी सेफ्टी के लिए रख सकते हैं, वरना जो हो रहा है, वह भारत में कभी बंद नहीं होगा।' इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस बंदूक को 60 से 70 हजार रुपये में खरीदा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: अंबाला में 3 मंजिला इमारत गिरी, 6 लोगों की हुई मौत, 13 लोग बचाए गए
पिस्टल रखने के लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं
एयर पिस्टल का पावर कम होता है, इस वजह से इसे रखने के लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं होती। खुशबू पाटनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि इस पिस्टल का इस्तेमाल करने के लिए व्यक्ति को ट्रेनिंग लेनी चाहिए। खुशबू ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया कि इस एयर पिस्टल को खिलौना नहीं समझना चाहिए, बल्कि इसे खरीदने से पहले व्यक्ति को पिस्टल बनाने वाली कंपनी के सुरक्षा निर्देशों को जानना चाहिए।
