मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) की कैंटीन में परोसे जाने वाले खाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया है कि उन्हें खाने में छिपकली मिली, जबकि कैंटीन स्टाफ ने इस दावे को नकारने के लिए खाकर दिखाया और इसे शिमला मिर्च बताया है।

 

घटना 18 मार्च की बताई जा रही है, जब छात्र कैंटीन में खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सब्जी में एक संदिग्ध चीज दिखाई दी। छात्रों का कहना है कि देखने में वह छिपकली जैसी लग रही थी। उन्होंने तुरंत इस बारे में कैंटीन कर्मचारियों को जानकारी दी। साथ में छात्रों ने वीडियो भी बनाया।

 

यह भी पढ़ें: 'गैस नहीं मिल रही, दही चूड़ा खाओ', मजदूरों को सुपरवाइजर की सलाह, वीडियो वायरल

 

छात्रों के मुताबिक, जानकारी मिलने के बाद कैंटीन के एक कर्मचारी ने वह संदिग्ध टुकड़ा उठाया और सबके सामने खा लिया। इसके अलावा, उसने दावा किया कि वह छिपकली नहीं बल्कि शिमला मिर्च का टुकड़ा था। इस घटना से स्टूडेंट्स में गुस्सा फैल गया और मामला बिगड़ गया।

वीडियो हुआ वायरल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया है। RGPV के निदेशक ने जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि छात्रों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि लापरवाही साबित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: मंदिर के पुजारियों ने श्रद्धालुओं को जमकर पीटा, नारियल से सिर पर मार दिया

दूसरी ओर, कैंटीन संचालक ने छात्रों के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि खाने में कोई छिपकली नहीं थी और जो वस्तु दिखाई गई वह सिर्फ शिमला मिर्च का हिस्सा था।