कर्नाटक के बेंगलुरु की पीईएस यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर डॉ. मुरलीधर देशपांडे ने अपनी क्लास में एक मुस्लिम छात्र को 'आतंकवादी' कह दिया। यह मामला तब सामने आया जब क्लास के ही किसी छात्र ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो के वायरल होते ही यूनिवर्सिटी ने कड़ा एक्शन लिया और प्रोफेसर को तुरंत सस्पेंड कर दिया। अब यूनिवर्सिटी की एक टीम इस पूरे मामले की अंदरूनी जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि क्लास के अंदर असल में क्या-क्या बातें हुई थीं।

 

यह घटना बीबीए की क्लास में हुई जहां करीब 60 छात्र मौजूद थे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स के मुताबिक प्रोफेसर ने छात्र को कई बार 'आतंकवादी' बोला और उसे बेकार इंसान भी कहा। प्रोफेसर ने छात्र पर क्लास को डिस्टर्ब करने का आरोप लगाया और बेहद खराब बातें कहीं। उन्होंने छात्र पर गुस्सा निकालते हुए उसे ईरान के युद्ध के लिए जिम्मेदार बताया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लेकर भी छात्र को डराने की कोशिश की।

 

यह भी पढ़ें: 'गैस नहीं मिल रही, दही चूड़ा खाओ', मजदूरों को सुपरवाइजर की सलाह, वीडियो वायरल

यूनिवर्सिटी का फैसला

वीडियो वायरल होने और छात्रों के विरोध के बाद यूनिवर्सिटी के चांसलर ने प्रोफेसर को सस्पेंड करने का आदेश दे दिया। यूनिवर्सिटी ने साफ कर दिया है कि कॉलेज के अंदर किसी भी छात्र के साथ ऐसा बुरा बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब यूनिवर्सिटी ने यह भी तय किया है कि वह अपने सभी पार्ट-टाइम प्रोफेसरों को खास ट्रेनिंग देंगे। इस ट्रेनिंग में उन्हें सिखाया जाएगा कि क्लास में छात्रों के साथ बात करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

 

 

यह भी पढ़ें: महंत ने भगवा रंग में रंगवाई कार, SP ट्रैफिक ने खूब लताड़ा, वायरल हुआ वीडियो

सीसीटीवी से की गई जांच

बेंगलुरु की गिरी नगर पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। उन पर धर्म के नाम पर भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अपमान करने का केस दर्ज हुआ है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यूनिवर्सिटी ने सबूत मिटाने के लिए कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज को डिलीट करने की कोशिश की है। छात्र संगठनों ने मांग की है कि आरोपी प्रोफेसर को हमेशा कि लिए कॉलेज से निकाल दिया जाए।