अफ्रीकी मुल्क घाना का एक शख्स है, जिसने दावा किया था कि 25 दिसंबर को दुनिया खत्म हो जाएगी। उसने दावा किया कि 25 दिसंबर को एक ऐसी बाढ़ आएगी, जो पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लेगी। सब लोग खत्म हो जाएंगे और बचेंगे सिर्फ वही जो उसके जहाज में रहेंगे। इसके लिए उसने बाइबिल की एक बात का जिक्र किया। लोगों ने भी उसकी बात मान ली और चल पड़े उसके जहाज में सवार होने के लिए। अब उसी शख्स का एक और वीडियो आया है, जिसमें वह नई मर्सेडीज बेंज में घूमता दिख रहा है।
घाना का यह शख्स कई दिन से सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है। हजारों लोग हैं जिन्होंने इसके दावे को सही मान लिया और अपना घर-बार छोड़कर जहाज पर सवार होने के लिए निकल पड़े। तो कई ऐसे भी हैं जिन्होंने इस पर कई तरह के सवाल उठाए। कई लोगों ने दावा किया कि गॉड ने वादा किया था कि वह दुनिया को कभी बाढ़ से खत्म नहीं करेंगे।
यहां जिस शख्स की बात हो रही है, उसका नाम इबो नोआ (Ebo Noah) है। वह घाना का रहने वाला है। कई हफ्तों से सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। उसने '25 दिसंबर को दुनिया खत्म है' का दावा किया था और अब जब 25 दिसंबर आ गया है तो एक बार वह फिर चर्चा में आ गया है। अब उसने दावा किया है कि गॉड ने इस बाढ़ को टाल दिया है। उसने और ज्यादा जहाज बनाने के लिए लोगों से चंदा मांगा है। क्या है पूरा मामला? चर्चा में क्यों है? समझते हैं।
यह भी पढ़ें-- 'हिंदू राष्ट्र में बाइबिल नहीं', पादरी को धमकाने वाला बांग्लादेशी नागरिक है?
बाइबिल का जिक्र और नोआ का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट्स की मानें तो इबो नोआ ने कुछ हफ्तों पहले दावा किया था कि उसके सपने में गॉड आए थे। गॉड ने उसे बताया कि 25 दिसंबर को भयंकर बाढ़ आएगी, जिससे पूरी दुनिया खत्म हो जाएगी। उसका दावा था कि 3-4 साल तक लगातार बारिश होगी।
उसने दावा किया कि गॉड ने उसे बाइबिल के नोआ की तरह 8 जहाज बनाने का आदेश दिया है, ताकि उन लोगों को बचाया जा सके जो बाढ़ के बाद दुनिया को फिर से शुरू करेंगे।
ऐसा कहा जाता है कि जब दुनिया में पाप और हिंसा बढ़ गई थी तो गॉड ने नूह नाम के एक शख्स को एक बड़ा सा जहाज बनाने को कहा था। इस जहाज में नूह का परिवार और जानवर थे। फिर भयंकर बाढ़ आई और पूरी दुनिया खत्म हो गई और सिर्फ नूह और उसका परिवार ही बचा और जहाज में रहने वाले जानवर। बाद में गॉड ने वादा किया कि वह कभी बाढ़ से दुनिया को खत्म नहीं करेंगे।
अब इबो नोआ ने खुद को 'पैगंबर' घोषित कर दिया है। उसने दावा किया कि 25 दिसंबर को एक महाबाढ़ आएगी और दुनिया खत्म हो जाएगी। उसने 8 जहाज बनाने के लिए लोगों से चंदा मांगा। दावा किया कि उसके परिवार ने भी सबकुछ बेचकर उसे पैसा दे दिया। कई परिवारों ने भी अपनी जमीन-जायदाद सबकुछ बेच दिया। उसने सोशल मीडिया पर कई वीडियो डाले जिसमें वह जहाज बनाता दिखा।
यह भी पढ़ें-- भारत आए मेसी ने लगाए 'हर हर महादेव' के नारे, देखें वीडियो
हजारों की संख्या में पहुंचे लोग
इबो नोआ ने वादा किया कि वह 10 बड़े जहाज बनाएगा, जिसमें जानवर होंगे और एक जहाज में हजारों लोग आ सकते हैं। इसके लिए उसने लोगों से ज्यादा से ज्यादा चंदा देने को कहा।
उसने लोगों से कहा कि जो भी उसके जहाज में आना चाहता है, आ सकता है। उसने लोगों से अपील की कि वे अपने साथ जानवरों की जोड़ियां भी लेकर आएं ताकि बाद में फिर से दुनिया शुरू की जा सके।
इबो नोआ के दावे पर हजारों लोगों ने भरोसा भी कर लिया। बहुत सारे लोगों ने अपना सबकुछ बेच दिया और उसे दान कर दिया, ताकि वह जहाज बना सके और दुनिया को बचा सके। सोशल मीडिया पर ऐसे ढेरों वीडियो हैं, जिनमें लोग अपने साथ सामान और बच्चे लेकर जाते हुए नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें-- 'मेरी बीवी तो मुझे 500 रुपये नहीं देती...', ऐसा क्यों बोले महेंद्र सिंह धोनी?
गॉड ने टाल दिया प्लान, नोआ का नया दावा
इबो नोआ सोशल मीडिया पर पहले वीडियो बनाता था। मगर जब से उसने 'महाप्रलय' वाला दावा किया है, तब से वह बहुत पॉपुलर हो गया। टिकटॉक पर ही उसके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं।
उसका एक नया वीडियो आया है, जिसमें वह कह रहा है कि अगर 25 दिसंबर को दुनिया खत्म नहीं हुई तो वह पार्टी करेगा।
इतना ही नहीं, उसका एक और नया वीडियो आया है, जिसमें वह मर्सेडीज बेंज में दिख रहा है। उसकी यह नई मर्सेडीज बेंज की कीमत 1 लाख डॉलर (लगभग 90 लाख रुपये) की बताई जा रही है।
मर्सेडिज बेंज के साथ उसका वीडियो सामने आने के बाद अब उसने दावा किया है कि दुनिया अभी खत्म नहीं होगी। अब उसने दावा किया है कि गॉड ने उसकी प्रार्थनाएं सुन ली हैं और प्रलय को टाल दिया है।
अब इस पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कई लोग दावा कर रहे हैं कि यह बहुत बड़ा स्कैम था। लोगों को दुनिया खत्म होने का डर दिखाकर उसने ठगी की। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि वह जिन जहाजों को बनाने की बात कर रहा था, वह भी फर्जी था। उसके वीडियो में जो जहाज दिखते थे, वह पुराने थे।
